विंबलडन 2026: गुओ हान्यू और क्रिस्टीना म्लादेनोविक ने जीता महिला युगल का खिताब

लंदन, 12 जुलाई । चीन की गुओ हान्यू और फ्रांस की क्रिस्टीना म्लादेनोविक की जोड़ी ने रविवार को विंबलडन 2026 महिला युगल का खिताब जीत लिया। फाइनल में दसवीं वरीयता प्राप्त इस जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और ब्राजील की लुइसा स्टेफनी को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराया। हान्यू और क्रिस्टीना का साथ खेलते हुए यह पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है।

फाइनल में गुओ और म्लादेनोविक ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया। उन्होंने पहले सेट में तेज खेल दिखाते हुए 5-0 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि डाब्रोव्स्की और स्टेफनी ने लगातार तीन गेम जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन पहला सेट बचा नहीं सकीं और 6-3 से गंवा बैठीं।

दूसरे सेट में मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दूसरी वरीय जोड़ी ने कई मौकों पर बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन म्लादेनोविक के मजबूत फोरहैंड और दोनों खिलाड़ियों की शानदार तालमेल ने उन्हें बराबरी पर बनाए रखा। 5-5 की स्थिति पर गुओ हान्यू ने बेहतरीन क्रॉस-कोर्ट बैकहैंड विनर लगाकर महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल किया। इसके बाद म्लादेनोविक ने सर्विस गेम में संयम दिखाते हुए फोरहैंड विनर के साथ मैच और खिताब अपने नाम कर लिया।

यह जीत दोनों खिलाड़ियों के लिए बेहद खास रही। गुओ हान्यू का यह पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल था, जबकि 34 वर्षीय क्रिस्टीना म्लादेनोविक ने अपने करियर का सातवां महिला युगल ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। इससे पहले वह 2018 से 2022 के बीच छह ग्रैंड स्लैम डबल्स खिताब जीत चुकी हैं।

जीत के बाद हान्यू ने क्रिस्टीना के लिए कहा, "मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि आप मेरी जोड़ीदार हैं। मुझ पर भरोसा करने और मुझे चुनने के लिए आपका धन्यवाद।"

वहीं, म्लादेनोविक ने कहा कि पिछले साल चोट के कारण उनकी कोई रैंकिंग नहीं थी, लेकिन गुओ ने बिना किसी हिचकिचाहट के उनके साथ जोड़ी बनाई। आज उनके साथ यहां खड़े होकर यह ट्रॉफी जीतना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter