वर्ल्ड बॉक्सिंग कप: दीपक, ज्योति, मीनाक्षी और प्राची फाइनल में पहुंचे, भारत के नाम 6 मेडल

गुइयांग (चीन), 20 जून । वर्ल्ड बॉक्सिंग कप (स्टेज 2) के सेमीफाइनल में शनिवार को भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। चार भारतीय मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाई, जबकि दो अन्य खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज मेडल पक्का करने में कामयाब रहे। इसी के साथ देश के कुल मेडल की संख्या 6 पहुंच गई है।

महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में ज्योति ने शानदार शुरुआत करते हुए मेक्सिको की फातिमा हेरेरा को 3-2 से हराया। हेरेरा ने इसी साल की शुरुआत में ब्राजील में हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में 48 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था।

भारत की चुनौती को तब और मजबूती मिली जब 51 किलोग्राम वर्ग में मीनाक्षी ने स्पेन की लौरा फुएर्टेस फर्नांडीज के खिलाफ दबदबे वाला प्रदर्शन किया। 48 किलोग्राम कैटेगरी में मीनाक्षी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को सर्वसम्मति से 5-0 के फैसले से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

57 किलोग्राम वर्ग में प्राची ने टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और फाइनल में पहुंचने के लिए फ्रांस की अमीना जिदानी को 4-1 से मात दी। प्राची गुइयांग में भारत की बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रही हैं; जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में पेरिस ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट को हराया था।

पुरुषों के मुकाबलों की बात करें, तो 70 किलोग्राम वर्ग में दीपक ने फ्रांस के माकन ट्राओरे पर 5-0 की शानदार जीत के साथ फाइनल में भारत की चौथी जगह पक्की की। अब रविवार को उनके पास गोल्ड मेडल जीतने का मौका होगा।

भारत ने जुगनू (85 किलोग्राम) और निखिल (55 किलोग्राम) के जरिए दो ब्रॉन्ज मेडल भी जीते, जिनका सफर सेमीफाइनल में खत्म हुआ। जुगनू को फ्रांस के जूनियर टडाह से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि निखिल को भी इसी अंतर से यूएसए के लोरेंजो पैट्रिसियो से शिकस्त मिली।

21 जून को होने वाले फाइनल में, ज्योति 48 किलोग्राम कैटेगरी में उज्बेकिस्तान की फर्जोना फोजिलोवा से भिड़ेंगी, जबकि मीनाक्षी 51 किलोग्राम फाइनल में चीन की पसंदीदा खिलाड़ी वू यू का सामना करेंगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement