यूएस ओपन बैडमिंटन: किदांबी श्रीकांत ने बनाई फाइनल में जगह, सेमीफाइनल में हारे रौनक चौहान

फुलर्टन (यूएस), 28 जून । दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने रविवार को यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। पुरुषों के सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीकांत ने जापान के युदाई ओकिमोटो को हराया।

श्रीकांत इस साल अपने पहले फाइनल में पहुंचे हैं। 33 वर्षीय खिलाड़ी ने चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ओकिमोटो को एक घंटे 12 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 15-21, 21-19 से हराया।ओकिमोटो ने 11-17 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए गेम प्वाइंट हासिल किया था, जिसके बाद श्रीकांत ने शुरुआती गेम में अपना धैर्य बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ी ने प्वाइंट बचाया और अगले दो प्वाइंट जीतकर मैच में बढ़त बना ली। हालांकि, जापानी शटलर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गेम को 21-15 से अपने नाम किया।

तीसरे और आखिरी गेम में भी रोमांच बना रहा। श्रीकांत ने 10-5 की बढ़त बनाई, लेकिन ओकिमोटो ने स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया। इसके बाद श्रीकांत ने लगातार छह अंक जीतकर बढ़त हासिल की। हालांकि, उन्होंने लगातार पांच अंक गंवा दिए और स्कोर 18-18 हो गया। ऐसे दबाव भरे समय में श्रीकांत ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया और लगातार अंक लेकर गेम को 21-19 से अपने नाम किया। अब फाइनल में उनका सामना चीनी ताइपे के आठवीं वरीयता प्राप्त सू ली यांग से होगा।

वहीं, भारत के 19 वर्षीय खिलाड़ी रौनक चौहान का शानदार अभियान सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें सू ली यांग ने 21-17, 21-19 से हराया। रौनक ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने क्वालिफाइंग दौर के दोनों मुकाबले जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी शंकर सुब्रमण्यम को हराया। इसके बाद उन्होंने दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी चाउ टिएन चेन को 21-17, 26-24 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मिशा जिल्बरमैन को 23-21, 21-11 से हराया, लेकिन वह सेमीफाइनल में अपने इस दमदार प्रदर्शन को कायम नहीं रख सके। महिला एकल में भारत की देविका सिहाग का सफर भी सेमीफाइनल में खत्म हो गया। उन्होंने डेनमार्क की दूसरी वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसेन के खिलाफ पहला गेम जीता, लेकिन इसके बाद वह लय कायम नहीं रख सकीं और 21-15, 11-21, 15-21 से मैच हार गईं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement