जापान: क्यूशू की ओर बढ़ रहा 'जांगमी' तूफान, ओकिनावा में दस से ज्यादा लोग घायल, सैकड़ों फ्लाइट कैंसिल

टोक्यो, 2 जून । ओकिनावा के पास भयंकर तबाही मचाने के बाद भीषण तूफान 'जांगमी' मंगलवार को जापान के दक्षिण-पश्चिमी द्वीप क्यूशू की ओर उत्तर दिशा में बढ़ रहा है। यह जानकारी जापान की मौसम एजेंसी ने दी।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने बताया क‍ि सुबह 7 बजे (स्थानीय समय) तक टाइफून 'जांगमी' ओशिमा द्वीप के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था। यह द्वीप कागोशिमा और ओकिनावा प्रांतों के बीच आता है। तूफान करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी ने सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के हवाले से बताया क‍ि ओकिनावा में तेज हवाओं की वजह से 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।

क्यूशू और आसपास के इलाकों में मंगलवार को 320 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा, शिंकनसेन बुलेट ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि टोकाइडो लाइन पर मंगलवार रात से बुधवार तक रुकावटें आ सकती हैं।

मौसम एजेंसी ने तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है। इससे अमामी क्षेत्र में मंगलवार को और पश्चिमी जापान में मंगलवार से बुधवार तक भूस्खलन, निचले इलाकों में बाढ़ और नदियों के उफान का खतरा बताया गया है।

पिछले साल सितंबर में आए 'पेइपाह' की वजह से भी काफी नुकसान हुआ था। उसमें 24 लोग घायल हुए थे और शिजुओका प्रांत के चार शहरों में 40 घरों को नुकसान पहुंचा था।

माकिनोहारा शहर में लोगों ने बताया था कि तेज हवाओं से घरों की छतों की टाइलें उड़ गईं, बिजली के खंभे गिर गए और कई दूसरी घटनाएं हुईं। सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार, सबसे ज्यादा नुकसान माकिनोहारा में हुआ था, जहां तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए और 20 लोगों को हल्की चोटें आईं।

इसके अलावा, याइजू शहर में एक कृषि ग्रीनहाउस तेज हवाओं में उड़ गया, जिससे 40 साल के एक किसान के चेहरे पर गंभीर चोट लग गई।

चूबू इलेक्ट्रिक पावर ग्रिड कंपनी ने बताया कि मकिनोहारा और आसपास के इलाकों में करीब 17,000 घरों की बिजली कुछ समय के लिए चली गई थी। यह टॉर्नेडो और तेज हवाओं के असर की वजह से हुआ था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement