37 साल बाद नए एयर फोर्स वन की पहली उड़ान, राष्ट्रपति ट्रंप बोले- यह शानदार विमान है

वाशिंगटन, 2 जुलाई । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्थ डकोटा दौरे के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा सिर्फ एक ऐतिहासिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह 37 साल बाद नए सिरे से तैयार किए गए एयर फोर्स वन विमान की पहली आधिकारिक उड़ान भी थी। ट्रंप ने विमान की तारीफ करते हुए कहा कि यह 'शानदार विमान' है और इस उड़ान ने उनके दौरे को और भी खास बना दिया।

ट्रंप ने बुधवार (स्थानीय समय) को नॉर्थ डकोटा के मेडोरा में समर्थकों को संबोधित करते हुए सबसे पहले एयर फोर्स वन का जिक्र किया और फिर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "37 साल बाद एयर फोर्स वन नाम के इस विमान की यह पहली आधिकारिक उड़ान थी। यह एक बेहतरीन विमान है। डग बर्गम और बाकी सभी लोगों के साथ यात्रा काफी अच्छी रही। इस दौरान हमने थियोडोर रूजवेल्ट के बारे में भी काफी चर्चा की, क्योंकि वह वास्तव में बेहद खास व्यक्ति थे।"

राष्ट्रपति ने कहा कि यह दौरा उनके लिए इसलिए भी खास था, क्योंकि वह ऐसे अमेरिकी नेता को सम्मान देने पहुंचे थे, जिन्हें वह लंबे समय से अपना आदर्श मानते हैं।

उन्होंने कहा, "मैं थियोडोर रूजवेल्ट को सम्मानित कर रहा हूं। मैं लंबे समय से उनकी प्रशंसा करता रहा हूं। सच कहूं तो मैं बहुत कम लोगों की प्रशंसा करता हूं, लेकिन वह उनमें से एक हैं।"

डोनाल्ड ट्रंप थियोडोर रूजवेल्ट प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए मेडोरा पहुंचे थे। इसके साथ ही वह इस लाइब्रेरी के उद्घाटन में हिस्सा लेने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भी बन गए।

इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस के रूजवेल्ट रूम से थियोडोर रूजवेल्ट का कांग्रेसनल 'मेडल ऑफ ऑनर' निकालकर लाइब्रेरी को भेंट किया। इसे समारोह का सबसे भावुक और ऐतिहासिक पल माना गया।

कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे अमेरिका के आंतरिक मंत्री डग बर्गम ने ट्रंप की मौजूदगी को 'ऐतिहासिक क्षण' बताया। उन्होंने कहा कि जब यह लाइब्रेरी आधिकारिक रूप से आम लोगों के लिए खुलेगी, तब वहां आने वाले आगंतुक राष्ट्रपति ट्रंप की आवाज में थियोडोर रूजवेल्ट के प्रसिद्ध भाषण 'मैन इन द एरीना' का रिकॉर्ड किया गया अंश भी सुन सकेंगे।

डग बर्गम ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप ही आज के दौर के 'मैन इन द एरीना' हैं और यह हमारे लिए गर्व की बात है कि वह इस प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी के उद्घाटन में शामिल हुए।"

ट्रंप ने नई लाइब्रेरी की भी तारीफ की। उन्होंने इसे 'बेहतरीन संग्रहालय, शानदार लाइब्रेरी और उत्कृष्ट केंद्र' बताया और कहा कि यह आने वाले समय में एक बेहद खास स्थान बनेगा।

उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि यह जगह बहुत सफल होगी। यह अमेरिका का वह हिस्सा है, जिससे मुझे बेहद लगाव है।"

इस मौके पर राष्ट्रपति ट्रंप ने नेशनल एंडोमेंट फॉर द ह्यूमैनिटीज के माध्यम से लाइब्रेरी की शुरुआती प्रदर्शनियों के लिए 7.5 लाख डॉलर (750,000 डॉलर) की संघीय सहायता देने का भी ऐलान किया।

हालांकि, व्हाइट हाउस ने उस नए एयर फोर्स वन विमान के बारे में कोई अतिरिक्त तकनीकी जानकारी साझा नहीं की है, जिसका जिक्र ट्रंप ने अपने भाषण में किया। इसके बावजूद ट्रंप ने साफ किया कि यह उड़ान भी इस दौरे की सबसे अहम उपलब्धियों में शामिल रही।

बता दें कि एयर फोर्स वन कोई विमान का नाम नहीं, बल्कि वह आधिकारिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल कॉल साइन है, जिसका इस्तेमाल उस समय किया जाता है जब अमेरिकी वायुसेना का कोई विमान राष्ट्रपति को लेकर उड़ान भर रहा हो।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement