पाकिस्तान के खैबर पखतूनख्वा में पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमला, पांच की मौत

नई दिल्ली, 3 अप्रैल। पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू इलाके में एक आत्मघाती हमले की घटना सामने आई है। शुक्रवार को बन्नू के डोमेल पुलिस स्टेशन पर एक सुसाइड कार बम धमाका हुआ। इस धमाके में हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिसवाले समेत 13 लोग घायल हो गए। डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी ऑफिसर बख्तुल्लाह वजीर ने इसकी पुष्टि की।  

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, मरने वालों में एक ही परिवार के पति, पत्नी, बेटी और बेटा शामिल हैं। धमाका तब हुआ, जब विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी पुलिस स्टेशन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ और फिर गोलीबारी शुरू हो गई।

शुरुआती रिपोर्ट में पाकिस्तानी मीडिया डॉन ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज मीलों दूर तक सुनी गई। धमाके में पुलिस स्टेशन की संतरी पोस्ट पूरी तरह से तबाह हो गई, जबकि बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा मलबे में बदल गया।

धमाके से आसपास के रिहायशी इलाकों को भी बहुत नुकसान हुआ, कई घर गिर गए और कई लोग मलबे में फंस गए। रेस्क्यू 1122 के मुताबिक, घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी ऑफिसर बख्तुल्लाह वजीर ने कहा कि धमाके के बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जब तक इलाका पूरी तरह से साफ नहीं हो जाता, तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा।

इसके पहले बन्नू में ही घोरा गांव में गुरुवार को एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक सरकारी स्कूल तबाह हो गया। डॉन के अनुसार, बदमाशों ने बन्नू के बाका खेल इलाके के घोरा गांव में सरकारी प्राइमरी स्कूल नूर जान बाका खेल में विस्फोटक लगाए और बिल्डिंग को उड़ा दिया।

डॉन ने बताया कि धमाके की वजह से स्कूल का स्ट्रक्चर पूरी तरह तबाह हो गया। पुलिस सूत्रों ने दावा किया है कि आतंकवादी कथित तौर पर स्कूल के अंदर रह रहे थे और जब धमाका हुआ तो वे एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईडी) तैयार कर रहे थे। हालांकि इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement