स्पेन में लगी भीषण आग से 2,300 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख

मैड्रिड, 4 जुलाई । स्पेन के उत्तरपूर्वी क्षेत्र कैटालोनिया में भीषण आग लग गई, जिससे 2,300 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख हो गया।

गिरोना प्रांत की कई नगरपालिकाओं में लगी भीषण आग के कारण लगभग 10,000 निवासियों को निकाला गया है या उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने का आदेश दिया गया है, और कई सड़कें अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। समाचार एजेंसी सिंन्हुआ के अनुसार, सभी निवासी सुरक्षित हैं।

तेज हवाओं की वजह आग तेजी से फैल गई और पास के एक प्राकृतिक अभयारण्य तक पहुंच गई। स्थानीय अग्निशमन सेवाओं ने 400 से अधिक दमकलकर्मियों के साथ-साथ कई हेलीकॉप्टर और अग्निशमन विमान तैनात किए हैं। स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट ने बचाव कार्य के लिए 200 सैनिक और 60 वाहन भेजे हैं।

फ्रांस और स्पेन के कुछ हिस्सों में कई जगहों पर जंगल की आग अभी भी जल रही है, क्योंकि लंबे समय तक रिकॉर्ड तोड़ तापमान के कारण वनस्पति सूख गई है और दक्षिणी यूरोप में सूखे की स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

फ्रांस में भूमध्य सागर तट पर तेज हवाओं के कारण लगी आग को बुझाने के लिए गुरुवार को लगभग 2,000 दमकलकर्मियों को तैनात किया गया। वहीं, स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट (यूएमई) ने कहा कि उसने पूर्वोत्तर आरागॉन क्षेत्र में आग बुझाने के अभियान में सहायता के लिए 100 से अधिक कर्मियों और लगभग 40 वाहनों को जुटाया है।

गिरोना क्षेत्र में अग्निशमन अभियान के प्रमुख फेरान गार्सिया ने कहा कि आग बुझाने की क्षमता दमकलकर्मियों की क्षमता से परे हो सकती है, और उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता आग को यथासंभव नियंत्रित करना और नुकसान को कम करना है।

स्थानीय पुलिस के हवाले से स्पेनिश मीडिया ने बताया कि आगजनी के संदेह में एक मजदूर को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आग सड़क निर्माण कार्य के दौरान इस्तेमाल की गई मशीनरी से लगी हो सकती है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement