क्रिप्टो भविष्य की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपनी सरकार के क्रिप्टोकरेंसी को समर्थन देने के फैसले का जोरदार बचाव किया। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका इस क्षेत्र में दुनिया का नेता नहीं बना तो चीन इस तेजी से बढ़ते उद्योग पर कब्जा कर सकता है।

वॉशिंगटन, 6 जुलाई । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपनी सरकार के क्रिप्टोकरेंसी को समर्थन देने के फैसले का जोरदार बचाव किया। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका इस क्षेत्र में दुनिया का नेता नहीं बना तो चीन इस तेजी से बढ़ते उद्योग पर कब्जा कर सकता है।
व्हाइट हाउस में 'ट्रंप अकाउंट्स' निवेश कार्यक्रम की शुरुआत के दौरान बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि समय के साथ क्रिप्टोकरेंसी को लेकर उनकी सोच बदली है और अब वह इसे अमेरिका के लिए एक रणनीतिक प्राथमिकता मानते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं क्रिप्टो का बड़ा समर्थक हूं। मैं सिर्फ एक वजह से इसका समर्थक बना हूं। अगर हम इसे नहीं अपनाएंगे, तो चीन इसे अपना लेगा। ट्रंप ने बताया कि अपने पहले कार्यकाल में उन्हें डिजिटल करेंसी पर भरोसा नहीं था, लेकिन बाद में उन्होंने देखा कि यह उद्योग कितनी तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में मैं इसके पक्ष में नहीं था। मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। लेकिन मैंने इसे बढ़ते हुए देखा। यह बहुत बड़ा उद्योग बन चुका है। ट्रंप ने दावा किया कि उनकी सरकार ने अमेरिका को क्रिप्टो इनोवेशन में सबसे आगे पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि हमने क्रिप्टो में बढ़त हासिल कर ली है। उन्होंने कहा कि चीन पहले इस क्षेत्र में बड़ी तैयारी कर रहा था।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भविष्य में बिटकॉइन को भी नए शुरू किए गए 'ट्रंप अकाउंट्स' का हिस्सा बनाया जा सकता है, तो उन्होंने कोई साफ घोषणा नहीं की। हालांकि उन्होंने इशारा किया कि आगे चलकर ऐसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इस दिशा में भी कुछ हो सकता है, जिससे हमारे देश के लोगों को फायदा मिले।
ट्रंप ने इस मौके पर पिछली सरकार की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय क्रिप्टो उद्योग को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि बाइडेन पूरी तरह इसके खिलाफ थे। उन्हें क्रिप्टो के बारे में कोई समझ नहीं थी।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान नियामक एजेंसियों का इस्तेमाल क्रिप्टो उद्योग के खिलाफ किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को जेल भेजा जा रहा था। वे इस पूरे उद्योग को खत्म करना चाहते थे।
ट्रंप के मुताबिक, बाद में पिछली सरकार ने अपना रुख इसलिए बदल लिया क्योंकि उसे एहसास हो गया कि क्रिप्टो निवेशकों का राजनीतिक असर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब मैंने खुलकर इसका समर्थन किया, तो अचानक वे भी पूरी तरह क्रिप्टो के पक्ष में आ गए। उन्होंने सभी लोगों के खिलाफ चल रही जांच बंद कर दी।
ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी के भविष्य को चीन के साथ होड़ से जोड़ते हुए इसकी तुलना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की दौड़ से भी की। ट्रंप ने कहा कि एआई और क्रिप्टोकरेंसी आने वाले समय में अमेरिकी अर्थव्यवस्था के सबसे बड़े विकास वाले क्षेत्रों में होंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि एआई के साथ जरूरी सुरक्षा उपाय भी होने चाहिए, ताकि तकनीक का विकास सही दिशा में हो।
उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा उद्योग है। इसका इस्तेमाल अच्छे कामों के लिए होगा। डिजिटल संपत्तियों पर अपनी बात खत्म करते हुए ट्रंप ने दोहराया कि उनका क्रिप्टो समर्थन किसी निजी फायदे के लिए नहीं, बल्कि आर्थिक प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखकर है।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए क्रिप्टो बहुत ताकतवर चीज है। बहुत सारे लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर हमने इसे नहीं अपनाया, तो चीन इसे अपना लेगा।
Source: IANS

