पश्चिम एशिया के तेजी से बदलते हालात पर पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर से की बात

नई दिल्ली, 9 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों ने पश्चिम एशिया में तेजी से बदल रहे हालात और सुरक्षा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कुवैत में रह रहे "भारतीयों की हर संभव मदद पहुंचाने और उन पर व्यक्तिगत ध्यान देने के लिए" आभार जताया।

बातचीत में क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति एवं स्थिरता बहाल करने के लिए तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में इसकी पुष्टि की गई। बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की सख्त शब्दों में निंदा की।

बयान में कहा गया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर, महामहिम शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बदल रही सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली के लिए तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर जोर दिया।”

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कुवैत में रह रहे भारतीयों की हर संभव मदद करने के लिए भी उनका आभार जताया।

हाल ही में कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हवाई हमले में एक भारतीय की जान चली गई थी और कई घायल हो गए थे। भारत ने हमले की कड़ी निंदा की थी।

3 जून को विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से भारत लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि नागरिक आबादी और नागरिक बुनियादी ढांचे को किसी भी परिस्थिति में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की थी और कहा था कि भारतीय दूतावास घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।

मंत्रालय ने भरोसा दिलाया था कि क्षेत्र में स्थित भारत के सभी दूतावास और मिशन पूरी तरह सतर्क हैं तथा मौजूदा तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच भारतीय समुदाय को सक्रिय रूप से सहायता और सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement