पीएम मोदी का न्यूजीलैंड दौरा, प्रधानमंत्री लक्सन ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से किया स्वागत

ऑकलैंड, 10 जुलाई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गले लगाया। इस अवसर पर न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी के साथ-साथ न्यूजीलैंड के कई अधिकारी भी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री लक्सन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।"

वहीं न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके अलावा, पीएम मोदी ने भी एक्स पर गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार जताया।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया। यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती पर समग्र चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं। मैं कल (शनिवार) ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।"

प्रधानमंत्री मोदी के न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि कैसे वह उनका स्वागत करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से ​​बात करते हुए भारतीय समुदाय के सदस्यों ने इस दौरे को एक अहम पड़ाव बताया और कहा कि यह 40 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का पहला दौरा है।

प्रधानमंत्री के स्वागत में प्रस्तुति दे रहे भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, "मैं पीएम मोदी के लिए परफॉर्म करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। वह 40 साल बाद आ रहे हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि यह वंदे मातरम की 150वीं सालगिरह है, इसलिए हमारा समूह उनके लिए यह परफॉर्म करने और इस मौके को यादगार बनाने को लेकर बहुत उत्साहित है।"

पीएम मोदी के सामने भारतीय सांस्कृतिक विरासत दिखाने का इसे जिंदगी भर का मौका बताते हुए एक प्रतिभागी ने कहा, “मैं सच में बहुत उत्साहित हूं। क्योंकि यह जिंदगी भर में एक बार मिलने वाला मौका है, जब हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अपनी संस्कृति, भारतीय विरासत दिखाने का मौका मिल रहा है। परफॉर्म करने के लिए भी उतना ही उत्साहित हूं।”

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement