रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे पर लगाया तीन दिन के संघर्ष-विराम के उल्लंघन का आरोप

नई दिल्ली, 11 मई । रूस और यूक्रेन ने रविवार को एक-दूसरे पर तीन दिन के युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में यूक्रेनी सेना ने युद्धविराम का 16,071 बार उल्लंघन किया। रूस ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए यूक्रेन के रॉकेट लॉन्चर, तोपखाने, मोर्टार ठिकानों, कमांड पोस्ट और ड्रोन लॉन्च साइट्स पर हमला किया।

रूस ने शनिवार को भी कहा था कि अलग-अलग इलाकों में युद्धविराम के 8,970 उल्लंघन हुए हैं। वहीं, यूक्रेन का कहना है कि युद्धविराम के बावजूद रूस ने हमले जारी रखे। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रविवार को रूसी हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए।

यूक्रेन की सेना के जनरल स्टाफ ने बयान जारी कर कहा कि रविवार को रूसी सेना ने यूक्रेनी ठिकानों पर 60 बार हमला किया।

दरअसल, रूस और यूक्रेन ने शुक्रवार को सहमति जताई थी कि विक्ट्री डे समारोह के दौरान शनिवार से सोमवार तक तीन दिन का युद्धविराम लागू रहेगा।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस महीने की शुरुआत में रूस के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की थी कि यूक्रेन के साथ जारी युद्ध के बीच 8 मई की आधी रात से 10 मई तक युद्धविराम रहेगा। यह फैसला द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ की जीत की 81वीं वर्षगांठ के मौके पर लिया गया।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निर्देश पर यह युद्धविराम लागू किया जा रहा है।

इससे पहले, 4 मई को यूरोपीय राजनीतिक समुदाय शिखर सम्मेलन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस की 9 मई की विजय परेड पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि अगर परेड बिना सैन्य उपकरणों के होती है, तो यह कई वर्षों में पहली बार होगा। उन्होंने दावा किया कि रूस को डर है कि रेड स्क्वायर के ऊपर ड्रोन मंडरा सकते हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement