पीएम लक्सन ने 'किआ ओरा मोदी' इवेंट में भारतीय समुदाय के अर्थव्यवस्था में अहम योगदान को सराहा
न्यूजीलैंड के प्रवासी भारतीयों का वह क्षणिक इंतजार समाप्त हुआ, जब उन्हें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दर्शन हुए। इस अवसर पर 'किआ ओरा मोदी' (पीएम मोदी आपका स्वागत है) और 'मोदी-मोदी' के नारों से स्पार्क एरिना गुंजायमान हो उठा।

ऑकलैंड, 11 जुलाई । न्यूजीलैंड के प्रवासी भारतीयों का वह क्षणिक इंतजार समाप्त हुआ, जब उन्हें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दर्शन हुए। इस अवसर पर 'किआ ओरा मोदी' (पीएम मोदी आपका स्वागत है) और 'मोदी-मोदी' के नारों से स्पार्क एरिना गुंजायमान हो उठा। मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उत्साहित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए किवी प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को "बेहद मेहनती लोग" बताया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "उनका देश जो कुछ भी आज है उसमें प्रवासी भारतीयों का बहुत बड़ा हाथ है।" उन्होंने यह भी दोहराया कि "आप लोग बेहद मेहनती लोग हैं।" इसी हफ्ते जारी हुई एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि भारतीय समुदाय न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था में 37 बिलियन डॉलर का योगदान दे रहा है, जो कि देश की कुल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का नौ फीसदी है।
इससे पहले, लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के बाद राष्ट्रगान बजा फिर दोनों दर्शक दीर्घा में पहुंचे और द्विपक्षीय रिश्तों को बखूबी बयां करती वीडियो क्लिप स्क्रीन पर दिखाई गई। इसमें 4सी की बात थी!
उस 4 सी को 'कल्चर, क्रिकेट, कम्युनिटी और कॉमर्स' के तौर पर परिभाषित किया गया यानी संस्कृति, क्रिकेट, सामुदायिक और वित्तीय संबंध। ऐसे संबंध जो तब भी झलके थे जब लक्सन भारत आए थे और अब भी झलके जब भारत के प्रधानमंत्री वहां पहुंचे।
भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पीएम लक्सन 17 मार्च 2025 को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब गए थे। तब दोनों नेताओं ने पीले स्कार्फ पहनकर गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका था और सिख समुदाय की सेवा एवं मानवता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की थी।
क्रिकेट के क्षेत्र में मजबूत होते रिश्तों की कहानी बयां करती तस्वीरें भी काफी आकर्षक हैं। इसमें क्रिस्टोफर लक्सन के गली क्रिकेट खेलती तस्वीरें भी हैं। भारत की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने नई दिल्ली में बच्चों और दिग्गज क्रिकेटरों के साथ 'स्ट्रीट क्रिकेट' (गली क्रिकेट) खेला था। द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रेस वार्ता में न्यूजीलैंड के पीएम ने कहा था कि वो भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।
4सी के मंत्र को फलीभूत होते उन समझौतों में भी देखा जा सकता है जो दोनों देशों के बीच संपन्न हुए। पीएम मोदी ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। इसमें 18 बड़े फैसले और 10 समझौतों (एमओयू) पर साइन किए गए। दोनों नेताओं ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा।
Source: IANS


