ईरान-अमेरिका वार्ता विफल होने के बीच राष्ट्रपति ट्रंप यूएफसी इवेंट में हुए शामिल, लोगों ने की आलोचना

फ्लोरिडा, 12 अप्रैल। अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई वार्ता बेनतीजा रही है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शनिवार को फ्लोरिडा में यूएफसी इवेंट में शामिल हुए। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इवेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। 

ट्रंप मियामी में यूएफसी 327 में पहुंचे, जहां फाइट देखने के लिए एरीना में जाने से पहले यूएफसी के अध्यक्ष डाना व्हाइट ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी बेटी इवांका ट्रंप, पोती काई ट्रंप उनके परिवार के कई सदस्य भी मौजूद रहे। अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी शामिल थे।

अमेरिकी राष्ट्रपति की यह मौजूदगी ऐसे समय में हुई है जब इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका की बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई और दोनों पक्षों के बीच मुख्य मतभेद अभी भी सुलझे नहीं हैं। इस्लामाबाद में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि लंबी बातचीत के बावजूद वॉशिंगटन और तेहरान किसी डील पर नहीं पहुंच पाए। ऐसे भू-राजनीतिक तनाव वाले माहौल के बीच ट्रंप के इस इवेंट में शामिल होने की कड़ी आलोचना हो रही है। 

आलोचकों का कहना है कि एक संवेदनशील भू-राजनीतिक समय के दौरान एक बड़े स्पोर्टिंग इवेंट में राष्ट्रपति की मौजूदगी से गलत मैसेज गया। कई लोगों ने बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच एक हाई-एनर्जी फाइट नाइट में शामिल होने के नजरिए पर सवाल उठाए।

विरोध के बावजूद, जब ट्रंप ने एरीना में ग्रैंड एंट्री की, तो भीड़ के कुछ हिस्सों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप के साथ अपना पुरानी यादें ताजा की। यूएफसी कमेंटेटर जो रोगन समेत जाने-माने लोगों ने स्वागत किया। वहीं पूरे इवेंट के दौरान कैमरे का फोकस बार-बार उन पर ही रहा।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ट्रंप के साथ रुबियो और गोर नजर आ रहे हैं। ट्रंप कुछ लोगों से हाथ मिला रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "इस ट्रिप को खत्म करने का यह एकदम सही तरीका है। मियामी में प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ यूएफसी! कल भारत वापस आने का इंतजार है।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement