पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में किए हवाई हमले, तालिबान का नागरिकों को मारने का दावा

काबुल, 13 मार्च। तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका सहित कई अफगान प्रांतों में नए सैन्य हमले किए। इन हमलों में नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। 

तालिबान ने कहा है कि पाकिस्तान के हमलों ने अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ा दिया है और इन हवाई हमलों को अफगान संप्रभुता के उल्लंघन के रूप में निंदा की है।

तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल साइट एक्स पर लिखा, “पिछले आक्रमणों के पैटर्न को जारी रखते हुए, पाक सेना ने फिर से काबुल, कंधार, पक्तिया, पक्तिका और कुछ अन्य क्षेत्रों पर बमबारी की। कुछ जगहों पर उन्होंने नागरिकों के घरों को निशाना बनाया, जिससे महिलाओं और बच्चों की मौत हो गई। कुछ जगहों पर उन्होंने खाली रेगिस्तान और निर्जन क्षेत्रों को निशाना बनाया।”

मुजाहिद ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा, “रमजान महीने के अंतिम दस दिनों और ईद अल-फ़ित्र की दहलीज पर यह हमला स्पष्ट रूप से दिखाता है कि वे किसी भी मानवीय सिद्धांत या नैतिक मूल्य का पालन नहीं करते। हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं  और इस हमले का जवाब दिया जाएगा।”

मुजाहिद ने पाकिस्तानी सैन्य विमानों पर कंधार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास निजी एयरलाइन कंपनी कम एयर के ईंधन भंडार को आग लगाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “यह कंपनी नागरिक विमानों और संयुक्त राष्ट्र के विमानों को ईंधन प्रदान करती है। इससे पहले भी उन्होंने निजी व्यापारियों के ईंधन डिपो जला दिए थे।”

पिछले दिनों अफगान अधिकारियों ने बताया कि तालिबान बलों ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर हुई झड़पों में 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मार डाला था। 

तालिबान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एनायतुल्लाह ख्वारजमी ने कहा कि लड़ाई अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के शोराबक जिले में हुई, जहां तालिबान लड़ाकों ने कथित रूप से एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर कब्ज़ा किया।

ख्वारजमी ने कहा कि तालिबान बलों ने झड़पों के दौरान चौकी पर कब्ज़ा करने के बाद उसे विस्फोटकों से नष्ट कर दिया। उन्होंने दावा किया कि लड़ाई में 30 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जिनमें 20 सैनिक चौकी को मजबूत करने के लिए तैनात थे।

उन्होंने कहा कि तालिबान लड़ाकों ने पक्तिया के डंड पाटन क्षेत्र में पांच पाकिस्तानी सैन्य चौकियां कब्ज़ा कर लीं और टॉप सर ख्वुच करम और अंजरकी सर पोस्टों में प्रवेश किया।

वर्तमान शत्रुता तब शुरू हुई जब तालिबान-नेतृत्व वाले अफगान बलों ने 27 फरवरी को पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई शुरू की। यह प्रतिक्रिया 21 फरवरी को पाकिस्तान द्वारा अफगान क्षेत्र में आतंकवादियों को निशाना बनाने के बाद आई थी।

अफगानिस्तान के हमलों के बाद, पाकिस्तान ने कई सीमा क्षेत्रों में अफगान बलों द्वारा कथित “अनप्रोवोक्ड फायरिंग” के जवाब में ‘ऑपरेशन ग़ज़ब-ए-हक’ शुरू किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement