होर्मुज स्ट्रेट के मिसाइल हमले में भारतीय नाविक की मौत, ईरानी राजनयिकों को नई दिल्ली ने किया तलब

नई दिल्ली, 14 जुलाई । मंगलवार को ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में संयुक्त अरब अमीरात के दो टैंकरों को क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया, जिसमें भारतीय चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई तथा छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक जख्मी हो गए। इस घटना के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने डिप्टी चीफ ऑफ मिशन (डीसीएम) मोहम्मद जवाद होसैनी सहित ईरान के राजनयिकों को तलब किया।

दरअसल ओमान के क्षेत्रीय जल क्षेत्र में स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी समुद्री मार्ग से जब संयुक्त अरब अमीरात के दो तेल टैंकर—'मोम्बासा' और 'अल बहियाह' गुजर रहे थे, ठीक उसी समय ईरान की तरफ से दो क्रूज मिसाइलें दागी गईं।

संयुक्त अरब अमीरात में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मिसाइल हमले में भारतीय नाविक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। हम घायलों तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमले में दोनों टैंकरों में आग लगने से उन्हें नुकसान भी हुआ। आग पर काबू पा लिया गया है। मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया। उसने कहा कि इस घटना से क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को खतरा पैदा हुआ है।

मंत्रालय के अनुसार, यूएई को बढ़ते तनाव के मद्देनजर उचित जवाब देने का पूरा अधिकार है और वह अपने क्षेत्र, नागरिकों, निवासियों, राष्ट्रीय हितों तथा रणनीतिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।

मंत्रालय ने कहा कि वह किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही लोगों से केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने तथा अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं को साझा नहीं करने की अपील की। एक अलग बयान में यूएई के विदेश मंत्रालय ने भी हमले की कड़ी निंदा की।

इससे पहले रविवार को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां मिसाइलों और ड्रोन से उत्पन्न खतरों का सामना कर रही हैं। वहीं, बहरीन के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की।

 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement