कतर के पूर्व अमीर रहे शेख हमद के देहांत पर भारत की ओर से शोक जताने रवाना हुए किरेन रिजिजू
कतर की शीर्ष सरकारी संस्था 'अमीरी दीवान' द्वारा रविवार को यह घोषणा की गई कि आधुनिक कतर के निर्माता एवं देश के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन पर भारत सरकार और देशवासियों की तरफ से शोक संवेदना प्रकट करने के लिए केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू दोहा रवाना हो गए हैं।

नई दिल्ली, 14 जुलाई । कतर की शीर्ष सरकारी संस्था 'अमीरी दीवान' द्वारा रविवार को यह घोषणा की गई कि आधुनिक कतर के निर्माता एवं देश के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन पर भारत सरकार और देशवासियों की तरफ से शोक संवेदना प्रकट करने के लिए केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू दोहा रवाना हो गए हैं।
इस बारे में विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया, "संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू आज कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के दुखद निधन पर भारत सरकार और देशवासियों की ओर से शोक व्यक्त करने के लिए दोहा, कतर रवाना हुए हैं।"
मंत्रालय ने कहा, "पूर्व अमीर ने आधुनिक कतर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वह भारत के घनिष्ठ मित्र थे। भारत-कतर संबंधों को मजबूत बनाने में उनके बहुमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, "हम कतर के पूर्व अमीर, महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वह एक दूरदर्शी नेता थे, जिनके नेतृत्व में कतर ने विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए। हम उन्हें भारत के एक सच्चे मित्र के रूप में भी याद करते हैं। मुझे फरवरी 2024 में अपनी कतर यात्रा के दौरान उनसे मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "मैं कतर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
अमीरी दीवान ने अपने बयान में कहा, "ईश्वर के फैसले और नियति पर अटूट विश्वास के साथ, अमीरी दीवान राष्ट्र की इस महान क्षति पर शोक व्यक्त करता है। परमात्मा दिवंगत अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी पर अपनी कृपा बनाए रखें, जिनका आज सुबह निधन हो गया।"
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी वर्ष 1995 से 2013 तक कतर के अमीर रहे। उन्हें आधुनिक कतर का निर्माता माना जाता है। उनके शासनकाल में देश ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और प्रभाव को काफी मजबूत किया। उनके नेतृत्व में कतर दुनिया के सबसे समृद्ध और प्रभावशाली देशों में शामिल हुआ।
Source: IANS

