यूएई में ताजा हालात की वजह से विमानों के संचालन में फेरबदल, सीमित फ्लाइट का होगा संचालन

अबू धाबी, 15 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर परिवहन से लेकर शिक्षा और सुरक्षा पर हो रहा है। दोनों तरफ से जारी हमलों के बीच विमान का संचालन भी बाधित हो रहा है। इस बीच संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी कर विमान के शेड्यूल से संबंधित जानकारी साझा की है। एयरलाइन ने बताया है कि 15 मार्च के लिए विमानों के संचालन में फेर-बदल किया है। 

भारतीय दूतावास ने लिखा, "संयुक्त अरब अमीरात के सिविल एविएशन प्राधिकरण के निर्देशों के आधार पर एयरलाइंस संशोधित और सीमित उड़ान शेड्यूल जारी कर रही हैं। अबू धाबी, दुबई, आरएके (रस अल खैमाह), शारजाह और फुजैराह के हवाई अड्डे से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए सीमित उड़ानें संचालित की जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क किया जा सकता है।"

इससे पहले यूएई में भारतीय राजदूत दीपक मित्तल ने सीजी सतीश सिवन के साथ यूएई में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और समुदाय की भलाई पर चर्चा की। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि दूतावास और कॉन्सुलेट पूरी तरह से काम कर रहे हैं। जरूरतमंद भारतीयों की मदद के लिए 24x7 हेल्पलाइन उपलब्ध है।

वहीं एयर इंडिया ने यूएई के लिए विमान के संचालन को लेकर कहा, "यूएई एयरपोर्ट प्राधिकरण के निर्देशों के बाद, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को 15 मार्च 2026 के लिए अपने एड-हॉक ऑपरेशन्स को और सीमित करना पड़ रहा है। आज अबू धाबी, रास अल खैमाह और शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी प्लान की गई फ़्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं।"

एयरलाइन ने आगे बताया कि दोनों एयरलाइंस अब दिल्ली-दुबई सेक्टर पर एक-एक राउंड ट्रिप ऑपरेट करेंगी। ये विमान स्लॉट की उपलब्धता और संचालन के समय के हालात के आधार पर ऑपरेट किए जाएंगे। कैंसिल या अस्थायी तौर पर सस्पेंड की गई सेवाओं पर बुक किए गए गेस्ट बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के आगे की तारीख के लिए रीबुक कर सकते हैं या पूरा रिफंड ले सकते हैं।

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मौजूदा हालातों की वजह से यात्रियों को हो रही परेशानी के लिए अफसोस जताते हैं। एयरलाइन ने कहा, "हम फंसे हुए गेस्ट्स को जल्द से जल्द सुरक्षित घर लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement