ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी, होर्मुज के ऊपर गश्त कर रहे एच-64 अपाचे: सेंटकॉम
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया कि वह ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों पर समुद्री नाकेबंदी लगातार जारी रखेगा।।
वाशिंगटन, 18 अप्रैल । अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया कि वह ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों पर समुद्री नाकेबंदी लगातार जारी रखेगा।
सेंटकॉम के मुताबिक, इस अभियान के तहत अमेरिकी निर्देशों का पालन करने वाले 23 जहाजों को लौटाया जा चुका है। ब्लॉकेड लागू करने के लिए अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस कैनबरा अरब सागर में गश्त कर रहा है।
सेंटकॉम ने एच-64 अपाचे की भी तस्वीरें जारी की हैं। बताया कि 17 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर गश्त शुरू की। अमेरिकी सेना के सैनिक जलडमरूमध्य में और उसके आसपास नेविगेशन की आजादी के लिए काम कर रहे हैं।
वहीं, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने इस कदम को सीजफायर समझौते का उल्लंघन बताया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका के इस रुख के चलते उसने होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही पर फिर से सख्ती बढ़ा दी है।
एक दिन पहले ही, यानी शुक्रवार को, होर्मुज सबके लिए खोलने का ऐलान किया गया था। लेकिन शनिवार को फिर से इस समुद्री रास्ते पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। ईरान ने कहा कि अमेरिका सीजफायर डील को तोड़ रहा है, इसलिए अब होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह सेना के कंट्रोल में होगी।
ईरान ने साफ चेतावनी दी कि जब तक अमेरिका उसके बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी नहीं हटाता, तब तक वह होर्मुज से जहाजों को गुजरने से रोकता रहेगा।
अपने हालिया बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की नाकेबंदी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी। यह भी कहा कि यह तब तक खत्म नहीं होगी जब तक ईरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता।
बदलते घटनाक्रम के बीच डिप्टी विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप "बहुत ज्यादा बोलते हैं" और उनके बयान विरोधाभासी होते हैं। तुर्की में अंताल्या डिप्लोमैटिक फोरम के दौरान मीडिया से बातचीत में खतीबजादेह ने यह टिप्पणी की।
इससे पहले ईरानी संसद के स्पीकर एमबी गालिबाफ ने भी एक्स के माध्यम से ट्रंप के दावे को झूठा करार देते हुए कहा कि वोे लगातार सीजफायर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
Source: IANS