होर्मुज से गुजर रहे जहाज पर हमला: लगी आग, चालक दल सुरक्षित

लंदन, 20 जुलाई । ब्रिटिश नौसैनिक एजेंसी 'यूके यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स' (यूकेएमटीओ) ने होर्मुज से गुजर रहे जहाज पर हमले की जानकारी दी है। एजेंसी के मुताबिक, जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया था।

आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एजेंसी ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक जहाज में आग लग गई। हालांकि, जहाज पर सवार सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

ब्रिटिश नौसैनिक एजेंसी ने बताया, "चालक दल ने सुरक्षित रूप से जहाज छोड़ दिया और उन्हें एक टग बोट (खींचने वाले जहाज) ने सुरक्षित बचा लिया। यह हमला ओमान के कुमजार से 8 समुद्री मील (लगभग 15 किलोमीटर) उत्तर-पश्चिम में हुआ।"

संस्था ने अपने बयान में कहा, "आग अभी तक बुझाई नहीं जा सकी है और जहाज फिलहाल समुद्र में बह रहा है।"

यूकेएमटीओ ने सभी जहाजों को सतर्कता के साथ यात्रा करने की सलाह दी है और कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी जांच अधिकारियों को दी जाए।

होर्मुज में हालात काफी नाजुक बने हुए हैं। सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आरोप लगाया कि ईरान होर्मुज का इस्तेमाल जंग में दबाव बनाने के लिए कर रहा है। उन्होंने दुनिया के अन्य देशों से इस रूट की सुरक्षा में अधिक योगदान देने की अपील की।

फिलीपींस रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में रूबियो ने कहा, "अमेरिका होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाता रहेगा। हालांकि, यह जिम्मेदारी केवल अमेरिका की नहीं होनी चाहिए।"

इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि जॉर्डन में उसने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर सफल हमला किया। इसकी जानकारी कथित तौर पर उसे कुछ स्थानीय सूत्रों ने दी है। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, आईआरजीसी ने कहा कि जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर अमेरिकी सेना के 20 हैंगर नष्ट कर दिए गए और इस हमले में अच्छी खासी तादाद में अमेरिकी सैनिक मारे गए।

आईआरजीसी के अनुसार, उसकी बैलिस्टिक मिसाइलों ने अकाबा एयरपोर्ट पर खड़े अमेरिकी सी-17 ट्रांसपोर्ट विमान और पी-8 निगरानी विमान को भी निशाना बनाया, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement