हवाई द्वीप पर हरिकेन 'लाला' की वजह से 17,000 घरों में छाया अंधेरा,

लॉस एंजिल्स, 20 अगस्त । अमेरिका में हवाई द्वीप के दक्षिण छोर पर स्थित सदर्न काउ डिस्ट्रिक्ट हरिकेन 'लाला' को गुजरे कई दिन बीत चुके हैं, इसके बाद भी लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सदर्न काउ के कुछ हिस्सों में रहने वाले लोग अब भी कीचड़, बड़े पत्थरों और सड़कों पर गिरे पेड़ों की वजह से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। स्थिति यह है कि हवाई द्वीप पर लगभग 17,000 घरों में अभी बिजली गुल है।

हवाईयन इलेक्ट्रिक ने एक अपडेट में बताया कि ओआहू में प्रभावित 99 प्रतिशत, माउई में 98 प्रतिशत तथा हवाई द्वीप में 75 प्रतिशत ग्राहकों की बिजली बहाल कर दी गई है। बुरी तरह क्षतिग्रस्त कुछ इलाकों में मरम्मत का काम पूरा होने में कम से कम दो हफ्ते लग सकते हैं।

'बिग आइलैंड नाउ' की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को काउ में सड़कों और पुलों पर कई फीट कीचड़, गिरे हुए पेड़ और मलबा पड़ा हुआ था। इसको तेजी से हटाने का काम किया जा रहा था।

हवाई परिवहन विभाग के अनुसार, तूफान के दौरान पहाला में मामालाहोआ हाईवे का एक हिस्सा बह गया। हाईवे के कुछ हिस्से बंद होने के कारण नालेहू का संपर्क कट गया था, हालांकि विभाग ने मंगलवार को कहा कि हवाई द्वीप पर कोई भी समुदाय अब अलग-थलग नहीं है।

हवाई काउंटी की ओर से जानकारी दी गई कि तूफान के कारण पूरे द्वीप पर बिजली गुल होने और सड़कें बंद होने की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की गई। रविवार को नालेहू, वायोहिनु और पहाला में फायर क्रू और हवाई नेशनल गार्ड ने खोज और बचाव अभियान चलाया गया, और बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों का जायजा लिया गया।

हवाई पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति की मौत का संबंध संभवतः तूफान 'लाला' से है, जबकि एक अन्य मौत भी तूफान से जुड़ी हो सकती है। सेंट्रल पैसिफिक हरिकेन सेंटर के मुताबिक, 'लाला' शनिवार को श्रेणी-1 के हरिकेन में तब्दील हो गया था, लेकिन हवाई द्वीप के दक्षिणी हिस्से से गुजरने के दौरान कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान बन गया।

राहत और पुनर्वास कार्य जारी हैं। वहीं, हवाई के दक्षिण-पूर्व में एक और संभावित उष्णकटिबंधीय सिस्टम विकसित हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसका आगे का मार्ग अभी स्पष्ट नहीं है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter