भारत-अमेरिका के बीच अगले कुछ हफ्ते या महीने में डील हो सकती है पक्की:

नई दिल्ली, 21 मई । भारत-यूएस वार्षिक लीडरशिप समिट में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर शामिल हुए। समिट में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि अगले कुछ हफ्ते या महीने में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार डील फाइनल हो सकता है। वहीं, उन्होंने जानकारी दी कि अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

समिट में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, "आप सभी जिन्होंने पूछा है कि इतना समय क्यों लग रहा है, व्यापार डील पर ये बातचीत शुरू हुए डेढ़ साल हो गया है। इसे सही नजरिए से देखें तो, यूरोपीय संघ को लगभग 19 साल लगे। इसलिए हमें भरोसा है कि अगले कुछ हफ्तों में, अगले कुछ महीनों में, यह व्यापार समझौता फाइनल हो जाएगा। इससे हमारे दोनों पक्षों को स्थिरता और मौका मिलेगा। हमें एक्सपोर्ट कंट्रोल और तकनीकी फ्लो पर भरोसे पर आधारित साफ और कंस्ट्रक्टिव बातचीत की जरूरत है।"

उन्होंने आगे कहा कि माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में 17.5 बिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की, इसमें हाइपरस्केल क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार भी शामिल है। और इस महीने की शुरुआत में, गूगल ने एआई रिसर्च, डेवलपमेंट में मदद के लिए 15 बिलियन डॉलर के एआई हब की घोषणा की।

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि हम भारत के साथ प्रेसिडेंट ट्रस्ट इनिशिएटिव पर काम कर रहे हैं। अमेरिका और भारतीय उद्यमियों की संयुक्त टीमें भारत-अमेरिका साइंस एंड टेक्नोलॉजी फोरम और अमेरिका-भारत साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंडोमेंट फंड के हमारे लगातार समर्थन के जरिए उभरते टेक फील्ड्स में स्टार्टअप्स बना रही हैं।

बता दें, अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो भारत के दौरे पर आने वाले हैं। अमेरिकी राजदूत गोर ने बताया कि विदेश सचिव यहां पर प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात करेंगे। सर्जियो गोर ने कहा, "जब ये लोग भारत आते हैं, तो हम सिर्फ मीटिंग नहीं करते। उन मीटिंग में, हम जरूरी बातें उठाते हैं। और इसलिए विदेश सचिव इस हफ्ते प्रधानमंत्री से मिलेंगे। उनकी लिस्ट में सिर्फ नमस्ते ही नहीं, बल्कि अलग-अलग सवाल, अलग-अलग चीजें हैं जो इस संबंध को आगे बढ़ाती हैं, जिसमें इस कमरे में आप में से कुछ लोग भी शामिल हैं, जो अपनी प्राथमिकता को आगे बढ़ाना चाहते हैं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter