अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़ में 20 लोगों की मौत, 100 से ज्‍यादा लापता

काबुल, 20 जुलाई । पूर्वी अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में सोमवार को भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। करीब 80 लोग घायल हुए हैं, जबकि 100 से ज्‍यादा लोग अब भी लापता हैं।

अफगानिस्तान की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता यूसुफ हम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर बताया कि इस बाढ़ से प्रांत में भारी जान-माल का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रांतीय आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी प्रभावित इलाकों में पहुंच गए हैं। वहां राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। टीमें मृतकों के शव निकालने, घायलों को बचाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।

हम्मद ने कहा कि शुरुआती जांच और नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद जान-माल के नुकसान के आधिकारिक आंकड़े जारी किए जाएंगे।

एक अलग बयान में अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि राहत और बचाव अभियान को और तेज करने की जरूरत है।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, नूरिस्तान की राजधानी पारून सबसे ज्‍यादा प्रभावित हुई है। यहां कई घर और बुनियादी ढांचे बाढ़ की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

इससे पहले नौ जून को अफगानिस्तान के अधिकारियों ने बताया था कि पिछले दस हफ्तों में मौसमी अचानक आई बाढ़ और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं के कारण पूरे देश में कम से कम 301 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 385 लोग घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता हाफिज मोहम्मद यूसुफ हम्मद के अनुसार, इन आपदाओं से देशभर में बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। इससे लोगों की रोजी-रोटी और बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि लगभग 2,000 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 7,187 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। करीब 580 किलोमीटर सड़कें बह गई हैं और 30,300 एकड़ से ज्‍यादा खेती की जमीन और फसलें पानी में डूब गई हैं या बर्बाद हो गई हैं।

इसके अलावा, पूरे देश में 18,812 परिवार इन आपदाओं से प्रभावित हुए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement