मध्य पूर्व तनाव: अमेरिका ने दुनियाभर में अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

वाशिंगटन, 21 जुलाई । अमेरिका के विदेश मंत्रालय (यूएस स्टेट डिपार्टमेंट) ने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान से जारी संघर्ष के बीच दुनियाभर में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए 'वैश्विक सुरक्षा चेतावनी' जारी की है। मंत्रालय ने अमेरिकी नागरिकों से अधिक सतर्कता बरतने और अपनी यात्रा योजनाओं पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति बेहद जटिल बनी हुई है और किसी भी समय अप्रत्याशित रूप से तनाव बढ़ सकता है।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया, "मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति बेहद जटिल बनी हुई है और किसी भी समय अप्रत्याशित रूप से हालात बिगड़ सकते हैं। ऐसे में विदेशों में रह रहे या यात्रा कर रहे अमेरिकी नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।"

आगे कहा गया, "मौजूदा हालात के कारण उड़ानों के रद्द होने, समय-समय पर हवाई क्षेत्र बंद किए जाने और यात्रा में अन्य प्रकार की बाधाओं की संभावना बनी हुई है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में संभावित बदलाव के लिए तैयार रहना चाहिए।"

सुरक्षा सलाह में चेतावनी दी गई है कि अमेरिकी राजनयिक प्रतिष्ठान केवल मध्य पूर्व ही नहीं बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में भी पहले निशाना बनाए जा चुके हैं। मंत्रालय ने आशंका जताई कि ईरान और ईरान समर्थक समूह विदेशों में अमेरिका के अन्य हितों, अमेरिकी प्रतिष्ठानों या अमेरिकी नागरिकों से जुड़े स्थानों को भी निशाना बना सकते हैं।

चेतावनी के साथ ही नागरिकों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।

यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों से यह भी कहा गया कि वे अपने गंतव्य देश के लिए जारी 'ट्रैवल एडवाइजरी', विस्तृत सुरक्षा जानकारी और हालिया अलर्ट का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें तथा परिस्थितियों के अनुसार ही यात्रा का निर्णय लें। अमेरिकी प्रशासन ने दोहराया है कि बदलते सुरक्षा माहौल को देखते हुए नागरिकों को हर समय सतर्क रहना और आधिकारिक निर्देशों का पालन करना चाहिए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement