इजरायल और लेबनान युद्धविराम के बीच अमेरिका में राजदूत स्तरीय दूसरी वार्ता करेंगे

वॉशिंगटन, 22 अप्रैल । अमेरिकी मीडिया के अनुसार, इज़राइल और लेबनान वॉशिंगटन स्थित अमेरिकी विदेश विभाग में अपनी दूसरी राजदूत-स्तरीय वार्ता करने की उम्मीद है।

इजरायल और लेबनान की ओर से एक बार फिर संयुक्त राज्य अमेरिका में उनके राजदूत येचिएल लीटर और नादा हमादेह मोआवद प्रतिनिधित्व करेंगे।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका-इजरायल के ईरान के खिलाफ युद्ध के बीच कई हफ्तों तक सीमा पार बढ़ी हुई झड़पों के बाद, इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि से लागू हुआ।

हालांकि, यह युद्धविराम नाजुक बना हुआ है क्योंकि लेबनान की दक्षिणी सीमा पर तनाव जारी है। लेबनान की आधिकारिक नेशनल न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि मंगलवार सुबह इज़रायली बलों ने दक्षिणी लेबनान में अपने अभियानों को तेज कर दिया, व्यापक ध्वस्तीकरण किए, हवाई निगरानी बढ़ाई और युद्धविराम के बावजूद लोगों को क्षेत्र खाली करने की चेतावनी जारी की।

इजरायल और लेबनान के बीच कोई औपचारिक कूटनीतिक संबंध नहीं है और हिजबुल्ला को लंबे समय से इज़रायल द्वारा ईरान का “प्रॉक्सी” माना जाता रहा है। इज़रायल के साथ बातचीत करने वाला पक्ष लेबनानी सरकार है न कि हिज़्बुल्ला।

इस बीच, हिजबुल्ला ने कहा कि उसने मंगलवार शाम कफ़र गिलादी बस्ती में एक इज़रायली तोपखाने की स्थिति पर रॉकेट और हमलावर ड्रोन से हमला किया, जो जारी युद्धविराम के बावजूद तनाव बढ़ने का संकेत है।

समूह ने एक बयान में कहा कि यह हमला हाल ही में लेबनान के शहर यहमर अल-शाक़ीफ़ की ओर हुई इजरायली तोपखाने की गोलीबारी के स्रोत को निशाना बनाकर किया गया। उसने इसे युद्धविराम लागू होने के बाद से इजरायल द्वारा बार-बार उल्लंघों जिसमें नागरिकों पर हमले और दक्षिणी लेबनान में घरों का विनाश शामिल है, का जवाब बताया।

अमेरिका समर्थित 10 दिन का युद्धविराम, जो कई हफ्तों की सीमा पार लड़ाई के बाद लागू हुआ, अब भी नाजुक स्थिति में बना हुआ है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement