गोलियों की आवाज के बाद व्हाइट हाउस का उत्तरी लॉन खाली कराया गया
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार शाम व्हाइट हाउस परिसर के पास कथित तौर पर गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस के उत्तरी लॉन को खाली करा लिया।।

वाशिंगटन, 24 मई । अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार शाम व्हाइट हाउस परिसर के पास कथित तौर पर गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस के उत्तरी लॉन को खाली करा लिया।
गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद परिसर में मौजूद पत्रकारों को तुरंत व्हाइट हाउस के प्रेस ब्रीफिंग रूम में जाने का निर्देश दिया गया। वहीं, सुरक्षाकर्मी इलाके को सुरक्षित करने में जुट गए।
इस घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास की सड़कें कई पुलिस अधिकारियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों से भर गईं।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह गोलीबारी शाम 6 बजे (ईटी) के कुछ देर बाद 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू नॉर्थवेस्ट के कोने के पास हुई, जो व्हाइट हाउस परिसर के ठीक बाहर है।
अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति सुरक्षा जांच चौकी के पास पहुंचा। उसने अपने बैग से एक हथियार निकाला और वहां तैनात अधिकारियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
एफबीआई के डायरेक्टर काश पटेल ने पुष्टि की कि फेडरल एजेंट बचाव और जांच में मदद कर रहे हैं। एक्स पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि एफबीआई की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी की घटना में सीक्रेट सर्विस की मदद कर रही है। उन्होंने कहा, “जैसे ही हमें और जानकारी मिलेगी, हम जनता को अपडेट करेंगे।”
प्रत्यक्षदर्शियों और मीडियाकर्मियों ने बताया कि अफरा-तफरी भरे उन पलों के दौरान उन्हें कई राउंड गोलियों की आवाज सुनाई दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पुलिस के घटनास्थल को सुरक्षित करने से पहले उस इलाके में दर्जनों गोलियों की आवाजें सुनी गई थीं।
गोलीबारी के तुरंत बाद व्हाइट हाउस को लॉकडाउन कर दिया गया, जबकि भारी हथियारों से लैस अधिकारियों और आपातकालीन बचाव टीमों ने आसपास की सड़कों और चौकियों को घेर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कथित तौर पर व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे और ईरान के साथ बातचीत से जुड़े प्रयासों पर काम कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। वहीं, अधिकारी घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटे हैं।
Source: IANS
