नेवाडा-कैलिफोर्निया बॉर्डर के पास फैली जंगल की आग में छह लोग घायल, 42

लॉस एंजिल्स, 24 अगस्त । नेवाडा-कैलिफोर्निया बॉर्डर के पास उत्तर-पश्चिमी नेवाडा के शहर रेनो की ओर जंगल की आग तेजी से फैल रही है। अधिकारियों के मुताब‍िक आग की वजह से कम से कम छह लोग घायल हो गए। अध‍िकार‍ियों ने बताया क‍ि करीब 42,000 लोगों को इलाका छोड़ने का आदेश दिया गया है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, 'हॉक फायर' नाम की यह आग शनिवार को शुरू हुई थी। अग्निशमन अधिकारियों ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आग अब तक 13,000 एकड़ (करीब 53 वर्ग किलोमीटर) से ज्यादा क्षेत्र में फैल चुकी है। आग अभी तक पूरी तरह नियंत्रण से बाहर है।

अधिकारियों ने कहा कि घायलों में तीन आम नागरिक और तीन आपातकालीन सेवा कर्मी शामिल हैं। इसके अलावा, लगभग 45,000 लोग ऐसे क्षेत्र में हैं जहां उन्हें किसी भी समय इलाके को खाली करने की चेतावनी दी जा सकती है।

अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि आग में कई इमारतें और ढांचे नष्ट हो चुके हैं।

रविवार को वाशो काउंटी में करीब 10,000 बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के थे। रेनो, वाशो काउंटी का मुख्य शहर और सबसे अधिक आबादी वाला इलाका है।

अधिकारियों के अनुसार, आग का व्यवहार बेहद खतरनाक और असामान्य देखा गया है। तेज हवाओं के कारण आग सूखी और आसानी से जलने वाली वनस्पतियों में बहुत तेजी से फैल रही है।

नेवादा के गवर्नर जो लोम्बार्डो ने शनिवार रात वाशो काउंटी में आपातकाल की घोषणा कर दी।

लोम्बार्डो ने एक बयान में कहा, "यह स्थिति लगातार बदल रही है और बहुत तेजी से विकसित हो रही है। मैं प्रभावित इलाकों में रहने वाले सभी लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील करता हूं। राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय है और हम स्थानीय प्रशासन तथा राहतकर्मियों के साथ मिलकर लोगों की जान बचाने, समुदायों की सुरक्षा करने और नागरिकों को खतरे से दूर रखने के लिए हर संभव संसाधन लगा रहे हैं।"

गवर्नर ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर फिर चेतावनी देते हुए कहा कि आग से जुड़ी स्थिति अभी भी तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा क‍ि यदि आप प्रभावित क्षेत्रों में हैं, तो सतर्क रहें और लगातार नई जानकारी लेते रहें।

इससे पहले जुलाई में, दक्षिणी कैलिफोर्निया में लगी एक जंगल की आग तेजी से फैलकर लगभग 2,700 एकड़ (करीब 10.9 वर्ग किलोमीटर) तक पहुंच गई थी। भीषण गर्मी की लहर के बीच इस आग के कारण लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था।

'समिट फायर' नाम की इस आग की सूचना शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे मिली थी। यह आग लॉस एंजिलिस और सैन बर्नार्डिनो काउंटी की सीमा के पास स्थित छोटे से समुदाय 'लानो' इलाके में लगी थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter