गाजा में 20 साल बाद पहली बार नगर निकाय चुनाव, हजारों लोगों ने डाले वोट

गाजा, 25 अप्रैल । गाजा पट्टी में शनिवार को करीब 20 वर्षों बाद पहली बार नगर निकाय चुनाव आयोजित किए गए, जिसमें हजारों फिलिस्तीनियों ने मतदान किया। हालांकि चुनाव प्रक्रिया फिलहाल गाजा के मध्य क्षेत्र स्थित दीर अल-बलाह शहर तक सीमित रही, जबकि वेस्ट बैंक में भी स्थानीय निकाय चुनाव कराए गए।

फिलिस्तीनी केंद्रीय चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान केंद्र स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे खुले। दीर अल-बलाह में मतदान शाम 5 बजे तक चला, जबकि वेस्ट बैंक में मतदान शाम 7 बजे तक जारी रहा।

आयोग ने बताया कि फिलिस्तीनी क्षेत्रों में कुल 13 लाख मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें से लगभग 70 हजार मतदाता दीर अल-बलाह में हैं।

इन चुनावों में फिलिस्तीनी क्षेत्रों की 183 स्थानीय निकाय संस्थाओं के लिए मतदान कराया जा रहा है। कुल 321 चुनावी सूचियां मैदान में हैं, जिनमें 3,773 उम्मीदवार नगर निकाय सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा गांव परिषदों के लिए 1,358 उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

दीर अल-बलाह में चार चुनावी सूचियां मुकाबले में हैं। प्रत्येक सूची में 15 उम्मीदवार शामिल हैं, जिनमें कम से कम चार महिलाएं हैं।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, दीर अल-बलाह को गाजा के उन क्षेत्रों में चुना गया, जहां बुनियादी ढांचे को अपेक्षाकृत कम नुकसान पहुंचा है।

मतदान से पहले शहर की सड़कों, दुकानों, बिजली के खंभों, विस्थापन शिविरों, सामुदायिक केंद्रों और शरणार्थी परिवारों वाले इलाकों में चुनाव प्रचार जोर-शोर से देखने को मिला।

42 वर्षीय मतदाता सलमान अल-ऐदी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद स्थानीय चुनाव में हिस्सा लेना लोगों के लिए बेहद खास अवसर है।

हमास के प्रवक्ता हाजेम कासिम ने इस मतदान को “महत्वपूर्ण कदम” बताते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियां बनाई जानी चाहिएं ताकि पूरे गाजा में चुनाव कराए जा सकें।

गाजा के राजनीतिक विश्लेषक इयाद अब्देल जवाद ने कहा कि इन चुनावों का उद्देश्य लंबे समय से ठप पड़े स्थानीय लोकतांत्रिक ढांचे को फिर से सक्रिय करना है।

गौरतलब है कि गाजा में आखिरी बार स्थानीय चुनाव 2006 में हुए थे। इसके बाद 2007 में हमास के नियंत्रण और लगातार संघर्षों तथा राजनीतिक विभाजन के कारण चुनाव नहीं हो सके थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement