वेनेजुएला भूकंप: कार्यवाहक राष्ट्रपति बोलीं, 'मृतकों की संख्या बढ़कर 164 और 971 लोग घायल'

काराकस, 25 जून । वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने जनहानि को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि मरने वालों की संख्या 32 से बढ़कर 164 हो गई है, वहीं घायलों की तादाद भी जबरदस्त तरीके से बढ़ी है। पहले जहां 700 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही थी, वहीं अब ये 971 तक पहुंच गई है।

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि देश में दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद वेनेजुएला में 164 लोगों की मौत हो गई है और 971 लोग घायल हुए हैं।

नए आंकड़े पहले बताए गए 32 मृतकों और 700 घायलों की संख्या से काफी ज्यादा हैं। अधिकारियों का कहना है कि राहत-बचाव कार्य जारी है। इससे लग रहा है कि संख्या और बढ़ सकती है।

रोड्रिगेज ने कहा कि अधिकारी देश के दूसरे हिस्सों से बचाव टीमों को सबसे ज्यादा प्रभावित ला गुएरा इलाके में भेज रहे हैं, जो राजधानी काराकस के उत्तर में है। उन्होंने कहा, "वहां दर्जनों इमारतें गिर गई हैं... और हम अभी जान बचाने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चला रहे हैं।"

वेनेजुएला के सरकारी प्रसारक को दिए एक इंटरव्यू में कार्यवाहक राष्ट्रपति ने कहा कि वह बचाव दल भेजने के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ समन्वय कर रही हैं। उन्होंने बताया कि देश के पुनर्निर्माण के लिए शुरुआती 20 करोड़ डॉलर (200 मिलियन डॉलर) का कोष बनाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ भी बातचीत चल रही है।

रोड्रिगेज ने कहा कि भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जुटाया जा रहा है।

इस बीच, दुनिया के तमाम देशों ने वेनेजुएला को हरसंभव सहायता पहुंचाने का भरोसा दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पोस्ट के जरिए संवेदना व्यक्त करते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। रोड्रिगेज ने जवाब में पीएम मोदी का आभार जताया।

इस बीच, यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में मृतकों की संख्या काफी बढ़ सकती है। इसके 10 हजार से एक लाख तक भी पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों में काराकस की सड़कों पर कई घर भरभरा कर गिरे देखे जा सकते हैं।

बुधवार को एक के बाद एक दो भूकंप के झटकों से देश दहल गया था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर पहले की तीव्रता 7.2 और दूसरे की 7.5 मापी गई। वेनेजुएला में एक सदी से भी ज्यादा समय में आए ये सबसे शक्तिशाली भूकंप के झटके थे।

यूएसजीएस ने बुधवार रात 10 बजे (जीएमटी) के करीब पहले और इसके ठीक एक मिनट बाद दूसरे भूकंप की खबर दी। दोनों झटके काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में समुद्र किनारे के शहर मोरोन के पास आए। भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement