डेनमार्क में 150 साल का रिकॉर्ड टूटा, 1874 के बाद सबसे अधिक तापमान दर्ज

कोपेनहेगन/लंदन/बुखारेस्ट, 27 जून । यूरोप के कई देश तप रहे हैं और डेनमार्क ने शनिवार को अपना अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया है। डेनमार्क मौसम विज्ञान संस्थान (डीएमआई) के अनुसार उत्तरी ओडेंस के पास तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो 1874 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से सबसे गर्म दिन है।

संस्थान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “36.6 डिग्री सेल्सियस के साथ हमने अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया है, और दिन अभी खत्म नहीं हुआ है।”

इसी बीच, लंदन के हीथ्रो और गैटविक हवाई अड्डों पर 700 से अधिक उड़ानें बाधित हुई हैं। उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, हीथ्रो से आने-जाने वाली 379 और गैटविक से संबंधित 385 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हीथ्रो पर 68 और गैटविक पर 31 उड़ानें रद्द भी की गई हैं।

गैटविक एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि नेटवर्क में रात भर आए तूफान के कारण अस्थायी एयर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए, जिससे उड़ानों में देरी हुई और उन्हें रद्द कर दिया गया।

यूरोप के मध्य और पूर्वी हिस्सों में भी हीटवेव काफी तेज है। रोमानिया ने रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि सोमवार से बुधवार तक लगभग पूरे देश में भीषण गर्मी रहेगी।

स्लोवाकिया में भी इसी तरह की चेतावनी जारी की गई है। यहां मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार रात अब तक की सबसे गर्म रात रही, जब तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया।

चेक गणराज्य, हंगरी और मोल्दोवा में भी उच्चतम स्तर की चेतावनी जारी की गई है, जबकि बाल्कन क्षेत्र के देश आने वाले दिनों में गंभीर गर्मी के लिए तैयार हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement