नेपाल में फंसे असम के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार सक्रिय, 24 घंटे की हेल्पलाइन जारी

गुवाहाटी, 27 अगस्त । नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच वहां फंसे असम के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए असम सरकार ने 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू की है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार नेपाल में फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जल्द से जल्द वापस लाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रही है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार नेपाल में फंसे लोगों के परिजनों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल के कई इलाकों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है तथा कई लोग अलग-अलग स्थानों पर फंस गए हैं।

असम सरकार ने नई दिल्ली स्थित असम भवन के माध्यम से सहायता व्यवस्था सक्रिय की है। असम भवन के रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालय की ओर से जारी सूचना में नेपाल में फंसे असम के नागरिकों से आवश्यक सहायता, समन्वय और जानकारी के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की गई है।

सूचना के अनुसार, आपातकालीन सहायता और फंसे लोगों से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। असम भवन, नई दिल्ली के अधिकारी अनुरण मेधी (एसीएस), हाउस मैनेजर विनोद कलिता और अन्य आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

नेपाल में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए असम सरकार ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और किसी भी आपात स्थिति में निर्धारित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता लेने की सलाह दी है। राज्य प्रशासन संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है और नेपाल में फंसे लोगों की स्थिति पर नजर रखे हुए है, ताकि उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter