प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी क्राउन प्रिंस से की फोन पर बात

नई दिल्ली, 28 मार्च। पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत ने खाड़ी देशों और मध्य पूर्व एशिया के सहयोगियों से संवाद कायम रखने का सिलसिला जारी रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सऊदी अरब के पीएम और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बात कर मध्य पूर्व संकट को लेकर फिक्र जाहिर की। पीएम ने कहा, हमने ऊर्जा ठिकानों पर हो रहे हमलों की निंदा की।

इसके साथ ही, दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि समुद्री रास्ते खुले रखे जाएं। उन्हें सबके लिए सुरक्षित रहना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित नहीं होना चाहिए।

यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और दूसरे जरूरी समुद्री रास्तों को लेकर दुनिया फिक्रमंद हो चली है। जारी संघर्ष की वजह से तेल, गैस और कमर्शियल कार्गो की आवाजाही में रुकावट आने का डर बढ़ गया है।

प्रधानमंत्री ने इस बातचीत में सऊदी क्राउन प्रिंस को वहां रहने वाले भारतीय समुदाय को उनके सपोर्ट के लिए धन्यवाद भी दिया।

यह बातचीत खाड़ी में भारत के बढ़ते डिप्लोमैटिक रसूख को भी दिखाती है, क्योंकि नई दिल्ली अपने ऊर्जा हितों की रक्षा करना चाहता है, प्रवासी भारतीयों की रक्षा करना चाहता है, और भारत की अर्थव्यवस्था और स्ट्रेटेजिक हितों के लिए जरूरी इस क्षेत्र में स्थिरता के लिए जोर देना चाहता है।

28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजरायल की संयुक्त एयर स्ट्राइक के बाद से ही भारत ने विश्व शांति की बात दोहराई है। प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों के तमाम राष्ट्राध्यक्षों से अलग-अलग बात कर अपनी चिंता जताई है। उन्होंने हमेशा संवाद और कूटनीतिक तरीकों से मसले को हल करने को सही करार दिया है।

24 मार्च को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत हुई थी। इस दौरान भी वेस्ट एशिया के हालातों पर गंभीर मंत्रणा हुई थी। पीएम ने एक्स पर लिखा कि हम चाहते हैं कि इस क्षेत्र में शांति-स्थिरता बनी रही।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement