ट्रंप ने किंग चार्ल्स-तृतीय और क्वीन कैमिला का व्हाइट हाउस में स्वागत किया

नई दिल्ली, 28 अप्रैल । व्हाइट हाउस में एक खास राजकीय समारोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय और रानी कैमिला का स्वागत किया। यह लगभग 20 साल में किसी ब्रिटिश सम्राट की पहली ऐसी आधिकारिक यात्रा है।

व्हाइट हाउस पहुंचने पर कैबिनेट के सदस्यों ने किंग चार्ल्स-तृत‍ीय और क्वीन कैमिला का स्वागत किया। उनके आगमन पर व्हाइट हाउस में यूके का राष्ट्रगान बजाया गया।

इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और राजा चार्ल्स तृतीय व्हाइट हाउस में आयोजित राजकीय आगमन समारोह के दौरान एकत्रित सैनिकों का निरीक्षण क‍िया।

इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने राजा चार्ल्स तृतीय से कहा क‍ि पिछले सितंबर में विंडसर कैसल की हमारी यात्रा के दौरान आप दोनों की ओर से हमें दिए गए शानदार सम्मान को हम कभी नहीं भूलेंगे। अब, आप दोनों की मेजबानी करना हमारे लिए एक बहुत बड़ा सौभाग्य है।

इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा क‍ि ब्रिटिश राजा का सम्मान करना, अमेरिकी स्वतंत्रता के 250 साल पूरे होने के हमारे जश्न की शुरुआत के तौर पर शायद थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन असल में इससे ज्‍यादा सही सम्मान कोई हो नहीं सकता। अमेरिकियों के पास अपना कोई देश या संविधान होने से बहुत पहले, हमारे पास सबसे पहले एक संस्कृति, एक चरित्र और एक सिद्धांत था। अपनी स्वतंत्रता की घोषणा करने से भी पहले, अमेरिकियों के भीतर एक बहुत ही अनमोल तोहफा मौजूद था, नैतिक साहस और यह तोहफा हमें समुद्र पार के एक छोटे, लेकिन बहुत ही शक्तिशाली साम्राज्य से मिला था।

अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने महारानी एलिजाबेथ (दिवंगत) की ओर से लगाए गए एक पेड़ की ओर इशारा करते हुए कहा, "आज, यह पेड़ ऊंचा और शान से खड़ा है, और भी ऊंचाइयों को छू रहा है; और आज सुबह, यह हमें याद दिलाता है कि सबसे विशाल पेड़ों की तरह ही, सबसे महान राष्ट्रों की नींव भी सबसे मजबूत और गहरी जड़ों पर ही टिकी होनी चाहिए।"

इस अवसर पर डोनाल्ड ट्रंप ने शाही परिवार के प्रति अपनी मां के प्यार के बारे में बात करते हुए कहा, "मुझे यह भी याद है वह बहुत कहती थीं, 'चार्ल्स! देखो! नन्हा चार्ल्स! वह कितना प्यारा है!' मेरी मां को चार्ल्स पर क्रश था। क्या आप यकीन कर सकते हैं?"

ट्रंप ने कहा, "आठ दशक पहले, उन खूबसूरत झंडों के नीचे, प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट ने उत्तरी अटलांटिक में एक जहाज पर मुलाकात की थी ताकि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद आजाद दुनिया के लिए एक विजन तैयार किया जा सके। हमारे राष्ट्रों के बीच के इस अनोखे बंधन और इतिहास में हमारी भूमिका की यह समझ ही हमारे विशेष संबंधों का मूल तत्व है, और हमें उम्मीद है कि यह हमेशा ऐसा ही बना रहेगा।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement