जापान में भूकंप से 1 मीटर ऊंची सुनामी की आशंका, पीएम ने लोगों से की तटों से दूर रहने की अपील

टोक्यो, 28 जुलाई । दक्षिण-पश्चिमी जापान में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। जापान की मौसम एजेंसी ने बताया कि अरियाके और यत्सुशिरो समुद्र के लिए सुनामी संबंधी चेतावनी जारी की गई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, लोगों को तटीय क्षेत्रों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज शाम लगभग 4:27 बजे, कुमामोटो प्रीफेक्चर के कुमामोटो क्षेत्र में आए भूकंप की अधिकतम तीव्रता जापानी भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर 7 दर्ज की गई। यह तीव्रता उकी शहर और हिकावा टाउन में दर्ज की गई। इस भूकंप के बाद अरियाके सागर और यात्सुशिरो सागर के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई है। लगभग 1 मीटर ऊंची सुनामी आने की आशंका है। सभी लोगों से अपील है कि वे आवश्यक सावधानी बरतें और समुद्र तटों से तुरंत दूर चले जाएं।"

उन्होंने लिखा, "भूकंप के तुरंत बाद सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय के संकट प्रबंधन केंद्र में एक आपदा प्रबंधन कार्यालय स्थापित किया और संबंधित मंत्रालयों एवं एजेंसियों के महानिदेशक स्तर के अधिकारियों की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम की बैठक बुलाई। सरकार अपनी पूरी क्षमता के साथ नुकसान का आकलन करने तथा बचाव, राहत और अन्य आपातकालीन आपदा प्रबंधन कार्यों को लागू करने में जुटी हुई है।'

प्रधानमंत्री ने लिखा, मैंने संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों को नुकसान का जल्द से जल्द और सटीक आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित करते हुए मानव जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता के सिद्धांत पर एकजुट होकर बचाव एवं राहत कार्यों में हरसंभव प्रयास किए जाएं। साथ ही सुनामी और भूकंप से हुए नुकसान के संबंध में जनता को समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिन क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किए गए हैं, वहां के लोगों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें, क्योंकि इसी तरह के और भूकंप आने की संभावना बनी हुई है।

जापान की मौसम एजेंसी के हवाले से क्योडो न्यूज ने बताया कि यह भूकंप आज शाम 4:27 बजे (स्थानीय समय) कुमामोटो प्रांत में आया। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। इससे पहले 26 जून को जापान के मध्य स्थित यामानाशी प्रांत और आसपास के क्षेत्रों में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 10 लोग मामूली रूप से घायल हुए थे। उस भूकंप का केंद्र लगभग 20 किलोमीटर की गहराई में था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement