नेपाल त्रासदी: मृत महिला के कानों से बालियां चुराने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

काठमांडू, 28 अगस्त । नेपाल पुलिस ने एक मृत महिला के कानों से सोने की बालियां चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह महिला हाल ही में आई भीषण बाढ़ के दौरान बहकर नारायणी नदी में पहुंच गई थी।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। वीडियो की जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया।

वायरल वीडियो में दो लोग नदी से महिला का शव बाहर निकालते हुए दिखाई देते हैं और बाद में उसके दोनों कानों से बालियां निकालते नजर आते हैं।

नेपाल पुलिस ने बाद में एक वीडियो जारी कर बताया कि मृत महिला के कानों से बालियां चोरी करने के आरोप में शामिल दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया है। जिला पुलिस कार्यालय, चितवन के पुलिस अधिकारी सूरज बुद्धा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।

चितवन जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मदन भुजेल और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में हुई है। दोनों दक्षिणी चितवन जिले के भरतपुर महानगर क्षेत्र में अस्थायी रूप से रह रहे थे। उन्हें शहर के पोखरा बस पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कथित चोरी का वीडियो भी साझा किया और जनता को आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। वायरल वीडियो में दो लोगों को लकड़ी के तख्तों और महिला के बालों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालते देखा जा सकता है। इसके बाद वे महिला के दोनों कानों से बालियां निकालकर अलग रखते दिखाई देते हैं। घटना के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे।

चितवन पुलिस की जांच में पता चला कि महिला का शव उस विनाशकारी बाढ़ के दौरान बह गया था, जिसमे नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही मची थी। शव बहते हुए दक्षिणी मैदानी क्षेत्र की नारायणी नदी में पहुंच गया।

पुलिस ने इस घटना को अमानवीय करार देते हुए कहा कि यह उस समय हुआ, जब लोग प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter