प्रधानमंत्री को उज्बेकिस्तान ने दिया सर्वोच्च सम्मान, पीएम बोले-'ओली

ताशकंद, 30 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। उन्हें "ओली दाराजली दोस्तलिक" ऑर्डर से देश के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने मंच से इसे दोनों देशों के बीच के अटूट रिश्ते को समर्पित किया।

संयुक्त प्रेस वार्ता में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के विकास मॉडल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मेरे मित्र और उज्बेकिस्तान के आर्थिक विकास के जनक ने इस पूरे क्षेत्र में एक रोल मॉडल के तौर पर काम करके दिखाया है। ये दो दिन की मेरी यात्रा हमेशा याद रहेगी। मेरा और डेलिगेशन का स्वागत जिस गर्मजोशी के साथ किया गया है, उससे अपनापन महसूस हो रहा था। इसके लिए मैं राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करता हूं।"

फिर सर्वोच्च सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा, "ओली दराजली दोस्तलिक ऑर्डर पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इसे भारत और उज्बेकिस्तान के बीच के अटूट रिश्ते को समर्पित करता हूं। मेरे लिए गर्व का पल है और जिस शब्द का प्रयोग राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में हमारे लिए किया 'दोस्तलिक', शायद ही हमारे देश में कोई परिवार होगा जो दोस्तलिक ना बोलता हो। इसका अर्थ मित्रता है। इस शब्द में ही दोनों देशों के केंद्र में मित्रता की भावना है और यहां उसका प्रकटीकरण हो रहा। ये सम्मान एक व्यक्ति का नहीं, 140 करोड़ लोगों का सम्मान है। मैं उज्बेकिस्तान, सरकार और मित्र राष्ट्रपति जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और विनम्रता से इसे स्वीकार करता हूं। ये साझा विरासत को समर्पित है।"

इससे पहले प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के बीच भारत-उज्बेकिस्तान के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें यूरेनियम सप्लाई पर चर्चा हुई। यहां पीएम मोदी ने कहा, “हम यूरेनियम की आपूर्ति के लिए भी एक रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे और एक व्यवस्था बनाएंगे।"

वहीं, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने कहा, "आपके नेतृत्व में भारत सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। आपके करीबी मित्र के तौर पर हम निश्चित रूप से इन सभी उपलब्धियों को देखकर बहुत खुश हैं।"

पीएम मोदी दो दिन के उज्बेकिस्तान दौरे पर हैं। उन्होंने रविवार सुबह ताशकंद में एक योग सत्र में भी हिस्सा लिया। पीएम ने वहां मौजूद लोगों को योग करना भी सिखाया।

केआरआर/

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter