मध्य प्रदेश : मंदसौर में ट्रक से कार टकराई, तीन लोगों की मौत

मंदसौर, 15 सितंबर मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है वही एक गंभीर रूप से घायल है । हादसे का शिकार हुए लोग हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर गरोठ थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। कार में सवार लोग हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहे थे, इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई है वह हरियाणा के गुड़गांव के निवासी हैं। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसे का शिकार हुए लोगों की मदद की।

इस हादसे में घायल जितेंद्र ने बताया कि जब यह हादसा हुआ उस समय बहुत तेज बारिश हो रही थी और अंधेरा छाया हुआ था। इस स्थिति में ट्रक की कोई लाइट अथवा इंडिकेटर नहीं जल रहा था, जिससे यह पता ही नहीं चला कि कोई वाहन सड़क किनारे खड़ा है। लिहाजा कार सीधे ट्रक से पीछे से टकरा गई। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है जबकि घायल जितेंद्र का उपचार जारी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter