दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस पलटने से 40 घायल, छह की हालत गंभीर

अलवर, 23 मई । दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अलवर में शनिवार सुबह एक स्लीपर बस के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बस में सवार करीब 40 यात्रियों में सभी घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रैणी थाना क्षेत्र के चैनेज 139.6 पर हुई इस दुर्घटना में मध्य प्रदेश के श्योपुर से यूपी के गोवर्धन जा रही स्लीपर कोच बस गलत लेन में अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। अधिकांश यात्री अधिमास के अवसर पर ब्रज की 84 कोसी परिक्रमा और गोवर्धन में चल रही भागवत कथा सुनने जा रहे थे।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चालक को नींद आ जाने के कारण बस नियंत्रण से बाहर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रैणी पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी बने सिंह मीणा के नेतृत्व में तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पिनान चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया है। कुछ अन्य घायलों की स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें आगे रेफर किए जाने की संभावना है।

गंगापुर सिटी निवासी ललिता गोयल ने बताया कि वह सवाई माधोपुर से गोवर्धन भागवत कथा सुनने जा रही थीं। बस में बैठते ही हादसा हो गया। उन्होंने कहा, "अचानक बस पलटी और चीख-पुकार मच गई। कई लोग बस के नीचे दब गए थे।"

एनएचएआई की टीम और स्थानीय प्रशासन ने जेसीबी की मदद से पलटी बस को बाहर निकाला। पुलिस ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बस चालक की भी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर वाहन चलाने में लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरे को एक बार फिर उजागर करता है। मात्र एक माह पहले 30 अप्रैल को इसी एक्सप्रेस-वे पर एक सीएनजी कार में आग लगने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement