अमरनाथ यात्रा से लौट रही बस गांदरबल में पलटी, 39 श्रद्धालु घायल

श्रीनगर, 28 जुलाई । जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के हरिगनीवान में मंगलवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार 39 तीर्थयात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। अमरनाथ गुफा के दर्शन कर लौट रही बस हरिगनीवान के पास सड़क पर अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 118वीं बटालियन, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान और स्थानीय सिविल पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा बलों और प्रशासन की संयुक्त टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कंगन अस्पताल ले जाया गया। बाद में जिन यात्रियों को बेहतर चिकित्सा की आवश्यकता थी, उन्हें श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

घटना का संज्ञान लेते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की और आज सुबह गांदरबल के गनीवान में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में घायल श्री अमरनाथ जी यात्रा के तीर्थयात्रियों की सेहत के बारे में जानकारी ली। बाबा बर्फानी के दर्शन करके लौट रहे 39 तीर्थयात्री घायल हो गए हैं और अभी एसकेआईएमएस में उनका इलाज चल रहा है। मैंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे हर जरूरी मदद और सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करें। मैं घायल श्रद्धालुओं के जल्द ठीक होने के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करता हूं।"

फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलने के कारण यह हादसा हुआ।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement