उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर के छतारी में निर्माणाधीन दो मंजिला मकान ढहा,

बुलंदशहर, 30 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कस्बा छतारी में शुक्रवार को दो मंजिला मकान ढह गया। इस घटना के बाद राहत और बचाव दलों ने एक महिला समेत तीन लोगों को बचा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की स्थिति सामान्य है। घायल पुरुषों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर में कस्बा छतारी में एक मकान बनाया जा रहा था, जो शुक्रवार रात करीब एक बजे अचानक से ढह गया। इस कारण एक महिला समेत तीन लोग मलबे में दब गए। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस के साथ-साथ जिला प्रशासन, दमकल विभाग, सडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। टीमों ने बचाव अभियान चलाकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के संबंध में वित्त व राजस्व विभाग के एडीएम ने बताया कि रात करीब एक बजे थाना छतारी क्षेत्रान्तर्गत कस्बा छतारी में एक निर्माणाधीन मकान के ढह जाने और उसके मलबे में 3 व्यक्तियों के दबे होने की सूचना प्राप्त हुई थी। उक्त सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, एमडीआरवी वैन व प्रशासन की टीमों को मौके पर भेजा गया और राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे में दबे तीनों व्यक्तियों (एक महिला व दो पुरुष) को सकुशल बाहर निकाला गया। महिला की स्थिति सामान्य है। घायल पुरुषों को उपचार हेतु तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है।

एडीएम ने यह भी बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ व एमडीआरएफ की टीम और जनपद अलीगढ़ से मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल को भी मौके पर बुलाया गया था। पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमों की ओर से समन्वय स्थापित कर राहत व बचाव कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त एनडीआरएफ टीम की ओरह से घटनास्थल पर कैनाइन सर्च भी की गई।

वित्त व राजस्व विभाग के एडीएम ने जानकारी दी कि अभी मौके पर कानून और शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter