आईटी शेयरों के दम पर सेंसेक्स 382 अंक उछलकर बंद, टीसीएस टॉप गेनर रहा

मुंबई, 2 जून । आईटी शेयरों में बड़ी रैली के कारण भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में तेजी के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 382.50 अंक या 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,649.84 और निफ्टी 100.95 अंक या 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,483.55 पर था।

बाजार की तेजी का नेतृत्व आईटी शेयरों ने किया। इस दौरान निफ्टी आईटी में 4.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचकांकों में टॉप गेनर था। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.30 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 0.76 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 0.75 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.74 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 0.72 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी 0.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुआ।

दूसरी तरफ निफ्टी फार्मा 0.86 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई 0.68 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस 0.59 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ लाल निशान में था।

सेंसेक्स पैक में टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा औप टाइटन टॉप गेनर्स थे। वहीं, आईटीसी, एशियन पेंट्स, इटरनल, ट्रेंट, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, इंडिगो, एचयूएल, बीईएल और कोटक महिंद्रा बैंक भी हरे निशान में बंद हुए।

दूसरी तरफ, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व टॉप लूजर्स थे।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 114.05 अंक या 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ 60,942.00 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 72.50 अंक या 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,052.30 पर था।

बाजार में तेजी की वजह एनवीडिया के संस्थापक जेन्सेन हुआंग के बयान को माना जा रहा है।

सोमवार को हुए जीटीसी ताइपे 2026 इवेंट में हुआंग ने कहा था कि एआई के आने से सॉफ्टवेयर कंपनियों की जरूरत समाप्त नहीं हो जाएगी। बल्कि एआई के चलते इन कंपनियों को अपनी नियुक्तियों को बढ़ाना होगा।

हुआंग की इस बयान से वह डिबेट समाप्त हो गई है, जिसमें कहा जा रहा है कि एआई के आने से सॉफ्टवेयर कंपनियों का काम समाप्त हो जाएगा। इससे निवेशकों के सेंटीमेंट में सुधार हुआ, जिससे आईटी शेयरों में खरीदारी देखी गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement