वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर सभी सेक्टर्स के अच्छे प्रदर्शन का परिणाम : विजय कलंत्री
वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में देश की जीडीपी का 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ने की वजह सभी क्षेत्रों का अच्छा प्रदर्शन करना है। यह बयान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (डब्ल्यूटीसी) के चेयरमैन और ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विजय कलंत्री ने शुक्रवार को दिया।

मुंबई, 4 सितंबर । वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में देश की जीडीपी का 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ने की वजह सभी क्षेत्रों का अच्छा प्रदर्शन करना है। यह बयान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (डब्ल्यूटीसी) के चेयरमैन और ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विजय कलंत्री ने शुक्रवार को दिया।
मुंबई के एमवीआईआरडीसी वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में निवेश और व्यापार पर ओमानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कलंत्री ने कहा कि पहले अनुमान था कि देश की विकास दर करीब 6.5 प्रतिशत रहेगी, लेकिन वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है। इसकी वजह सभी क्षेत्रों का मजबूत प्रदर्शन करना है।
उन्होंने आगे कहा कि यह वृद्धि दर ऐसे समय पर हासिल की गई है, जब मध्य पूर्व युद्ध के कारण ढुलाई की लागत में वृद्धि हुई है। इस दौरान ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट और टेक्सटाइल के साथ सभी सेक्टर प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।
भारत-ओमान व्यापार पर बोलते हुए कंलत्री ने कहा कि भारत और खाड़ी देशों के बीच पारंपरिक रूप से मजबूत और जीवंत व्यापारिक संबंध रहे हैं। लगभग 11 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार के साथ, हमारे पास फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स, इंजीनियरिंग, इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिपिंग, समुद्री सेवाओं और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में अपने व्यापार को बढ़ाने की काफी गुंजाइश है। हमारा लक्ष्य इस व्यापार को दोगुना करके 25 अरब डॉलर तक ले जाने की है।
उन्होंने आगे कहा कि ओमान के वर्ल्ड-क्लास पोर्ट, एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक्स इन्फ्रास्ट्रक्चर इसे भारतीय कंपनियों के लिए क्षेत्रीय और ग्लोबल मार्केट तक पहुंचने का एक आकर्षक जरिया बनाते हैं। 2025 में भारत-ओमान के बीच हुआ द्विपक्षीय व्यापार समझौता हमें एक रणनीतिक फायदा देता है, और अब हमें बातचीत से आगे बढ़कर व्यापार, निवेश, जॉइंट वेंचर और मजबूत बिजनेस पार्टनरशिप के जरिए असल नतीजे हासिल करने की दिशा में बढ़ना चाहिए।
ओमान के मदयन के आधिकारिक प्रवक्ता और मार्केटिंग और कमर्शियल मामलों के महानिदेशक खालिद बिन सुलेमान अल सालेही ने कहा कि ओमान की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति और उसका मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम एल्युमीनियम, फूड प्रोसेसिंग, मिनरल्स और माइनिंग, एनर्जी, रिन्यूएबल एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में बढ़ते अवसर प्रदान करता है। 'ओमान विजन 2040' के तहत, हम फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, पॉलिमर, ऑटोमोटिव, मिनरल्स, रिन्यूएबल एनर्जी, आईटी और एआई जैसे क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार कर रहे हैं। विदेशी निवेशक पात्र गतिविधियों में 100 प्रतिशत मालिकाना हक, लंबी अवधि के औद्योगिक लीज और निवेश से जुड़े अन्य प्रोत्साहनों का भी लाभ उठा सकते हैं।
Source: IANS

