मध्य पूर्व में शांति समझौते की उम्मीदों के बीच सोने और चांदी की कीमतों में करीब 1 प्रतिशत तक की उछाल
मध्य पूर्व में जारी युद्ध में शांति समझौते की उम्मीदों के बीच, हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली। कीमती धातुओं में यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे के बाद आई कि वाशिंगटन ने ईरान के साथ एक बड़ा समझौता कर लिया है और अब सिर्फ दस्तावेज को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

मुंबई, 12 जून । मध्य पूर्व में जारी युद्ध में शांति समझौते की उम्मीदों के बीच, हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली। कीमती धातुओं में यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे के बाद आई कि वाशिंगटन ने ईरान के साथ एक बड़ा समझौता कर लिया है और अब सिर्फ दस्तावेज को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। समझौते पर अगले कुछ दिनों में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
इस खबर का असर शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी बाजार पर भी साफ देखने को मिला। शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर अगस्त कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना करीब 1 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,50,600 रुपए प्रति 10 ग्राम के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, तो वहीं जुलाई कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी भी करीब 1 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 2,44,817 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
कारोबार के शुरुआत में अगस्त वायदा सोना अपने पिछले बंद 1,48,932 रुपए से 1,663 रुपए की बढ़त के साथ 1,50,595 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि जुलाई वायदा चांदी अपने पिछले बंद भाव 2,39,653 रुपए से 3,123 की तेजी के साथ 2,42,776 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुला।
वहीं, खबर लिखे जाने तक (दोपहर 12.18 बजे के करीब) एमसीएक्स पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 0.52 प्रतिशत यानी 768 रुपए की बढ़त के साथ 1,49,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, तो वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 0.77 प्रतिशत यानी 1,847 रुपए की बढ़त के साथ 2,41,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई।
वहीं, इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के शुक्रवार की सुबह के आंकड़ों के अनुसार, 999 प्यूरिटी वाला सोना 1,47,609 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था, जबकि 999 प्यूरिटी वाली चांदी की कीमत 2,42,295 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
हाल के घटनाक्रमों और अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की संभावनाएं अब आशाजनक लग रही हैं। हालांकि, इस संबंध में और इससे जुड़े घटनाक्रमों पर ठोस समाचार की प्रतीक्षा है।
एक मार्केट एक्सपर्ट ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की खबरों के बाद ग्लोबल रिस्क सेंटीमेंट में आए जबरदस्त सुधार के चलते भारतीय इक्विटी मार्केट के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट में भी तेजी देखी गई।
एक्सपर्ट ने कहा कि एमसीएक्स गोल्ड ने गैप-अप के साथ कारोबार की शुरुआत की और अब यह महत्वपूर्ण 1,50,000 रुपए के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर बना हुआ है। इससे संकेत मिलता है कि लगातार उतार-चढ़ाव के बीच कीमतों में सुधार और खरीदारी का रुझान मजबूत हो रहा है।
तकनीकी रूप से देखा जाए तो बाजार की धारणा को और मजबूत करने के लिए सोने को 1,52,000 रुपए के ऊपर टिके रहना होगा। यदि यह स्तर मजबूती से पार होता है, तो कीमतें 1,55,000 रुपए से 1,56,000 रुपए के दायरे तक पहुंच सकती हैं।
वहीं दूसरी ओर, यदि सोना 1,50,000 रुपए से 1,49,000 रुपए के सपोर्ट जोन के नीचे फिसलता है, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और कीमतें 1,47,000 रुपए से 1,45,000 रुपए के स्तर तक आ सकती हैं।
इसके साथ ही, एक्सपर्ट ने कहा कि एमसीएक्स चांदी ने भी गैप-अप के साथ शुरुआत की और 2,40,000 रुपए के स्तर के ऊपर पहुंच गई है। यह बाजार की धारणा में सुधार और कीमतों में धीरे-धीरे रिकवरी के संकेत देता है। ऊपरी स्तर पर 2,48,000-2,51,000 रुपए का दायरा प्रमुख रेजिस्टेंस बना हुआ है। यदि चांदी इस जोन के ऊपर टिकने में सफल रहती है, तो कीमतों में और तेजी आ सकती है और यह 2,58,000 रुपए से 2,62,000 रुपए के स्तर तक पहुंच सकती है।
वहीं, अगर चांदी 2,40,000 रुपए के सपोर्ट स्तर के नीचे जाती है, तो बिकवाली बढ़ सकती है और कीमतें फिर से 2,34,000 रुपए से 2,30,000 रुपए के दायरे तक गिर सकती हैं। फिलहाल चांदी का निकट अवधि का रुख सतर्क लेकिन हल्का सकारात्मक बना हुआ है। भू-राजनीतिक तनाव, सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मांग और वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव चांदी की चाल को प्रभावित कर रहे हैं।
Source: IANS

