भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ हरे निशान में बंद,

मुंबई, 14 मई । वैश्विक बाजार से मिले मजबूत संकेतों के चलते गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी दिन हरियाली देखने को मिली और बाजार हरे निशान में बंद हुआ।

बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 789.74 अंक या 1.06 प्रतिशत उछलकर 75,398.72 पर था, जबकि निफ्टी 50 277 अंक या 1.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,689.60 पर पहुंच गया।

दिन के दौरान 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी50 में जोरदार उछाल देखने को मिला और इनमें 1 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। निफ्टी50 ने 23,530.25 पर खुलकर 23,777.20 का इंट्रा-डे हाई बनाया, तो वहीं सेंसेक्स 74,947.12 पर खुलकर 75,681.88 का दिन का उच्चतम स्तर छुआ।

व्यापक बाजार में निफ्टी मिडकैप में 1.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई।

सेक्टरवार देखें तो निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी मेटल में 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई। इसके अलावा, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा करीब 2 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।

निफ्टी 50 पैक में कुल 38 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। इसमें अदाणी इंटरप्राइजेज (8.8 प्रतिशत की तेजी), सिप्ला (8.09 प्रतिशत की तेजी), भारती एयरटेल (5.2 प्रतिशत की बढ़त), इटरनल, हिंडाल्को, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, एचडीएफसी बैंक, अदाणी पोर्ट्स और मैक्स हेल्थ के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, जबकि इसके विपरीत इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, कोल इंडिया और टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों ने एक ही सत्र में 4.3 लाख करोड़ रुपए कमाए क्योंकि बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पिछले सत्र के 458.6 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 462.9 लाख करोड़ रुपए हो गया।

भारतीय रुपए के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिरने और ब्रेंट क्रूड तेल के 105 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार करने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखी गई।

इस बीच, निवेशकों की नजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक के नतीजों पर है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter