प्राकृतिक गैस के भंडार में गिरावट और एलएनजी निर्यात में वृद्धि के चलते कीमतों में हुआ उल्लेखनीय सुधार: रिपोर्ट
एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत में भारी गिरावट के बाद प्राकृतिक गैस (नेचुरल गैस) की कीमतों में अब उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इन्वेंट्री (भंडार) में कमी, निर्यात गतिविधियों में बढ़ोतरी और मौसमी बिजली मांग बढ़ने के कारण बाजार में मजबूती लौट रही है।

नई दिल्ली, 16 जून । एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत में भारी गिरावट के बाद प्राकृतिक गैस (नेचुरल गैस) की कीमतों में अब उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इन्वेंट्री (भंडार) में कमी, निर्यात गतिविधियों में बढ़ोतरी और मौसमी बिजली मांग बढ़ने के कारण बाजार में मजबूती लौट रही है।
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड की रिपोर्ट के अनुसार, प्राकृतिक गैस के प्रमुख मूल्य सूचकांक हेनरी हब की कीमत अप्रैल में 7.72 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (एमएमबीटीयू) से गिरकर 2.77 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू तक पहुंच गई थी। हालांकि इसके बाद कीमतें फिर से 3 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू के ऊपर पहुंच गई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अपेक्षा से कम स्टोरेज इंजेक्शन, बिजली क्षेत्र में बढ़ी खपत और अमेरिका की तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) निर्यात क्षमता में लगातार विस्तार ने कीमतों को सहारा दिया है।
हालिया इन्वेंट्री आंकड़े बताते हैं कि बाजार धीरे-धीरे संतुलन की ओर बढ़ रहा है। लगातार तीन सप्ताह तक गैस भंडारण में अपेक्षा से कम बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि साल-दर-साल आधार पर मौजूद अतिरिक्त स्टॉक अप्रैल के मुकाबले काफी कम हो गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल के महीनों में गैस की अधिक आपूर्ति (सप्लाई ओवरहैंग) को लेकर चिंताएं काफी हद तक कम हो गई हैं। वहीं, यूरोप में गैस भंडारण के रुझान भी बाजार में धीरे-धीरे सख्ती आने का संकेत दे रहे हैं।
प्रमुख क्षेत्रों में गर्म मौसम के कारण बिजली की खपत बढ़ी है, जिससे बिजली उत्पादन कंपनियों द्वारा प्राकृतिक गैस की मांग में इजाफा हुआ है।
गर्मी के मौसम में कूलिंग की जरूरत बढ़ने के साथ बिजली कंपनियां बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने के लिए अधिक गैस का इस्तेमाल कर रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की एलएनजी उत्पादन क्षमता में वृद्धि के चलते वर्ष 2026 में निर्यात मात्रा बढ़ने की उम्मीद है। नए एलएनजी संयंत्रों के संचालन शुरू होने और अतिरिक्त लिक्विफिकेशन ट्रेनों के चालू होने से निर्यात को और बढ़ावा मिलेगा। इससे घरेलू उत्पादन और विदेशी बाजारों के बीच बढ़ता संबंध आपूर्ति संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक बाजार की परिस्थितियां अभी भी सकारात्मक बनी हुई हैं। यूरोप और एशिया में ऊंचे मूल्य प्रीमियम अमेरिकी एलएनजी कार्गो को आकर्षित कर रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों में जारी व्यवधानों ने विदेशी बाजारों में अमेरिकी एलएनजी की मांग को और बढ़ाया है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी रिसर्च प्रमुख नवनीत दमानी ने कहा, "डेटा सेंटरों की बढ़ती जरूरतें भी गैस की मांग का एक नया स्रोत बन रही हैं। इन सभी कारणों से इस कमोडिटी के लिए मध्यम अवधि का परिदृश्य पहले की तुलना में अधिक सकारात्मक दिखाई दे रहा है।"
Source: IANS

