आईफोन 18 प्रो सीरीज : एप्पल स्टोर्स के बाहर लंबी कतारें, ग्राहक बोले-

नई दिल्ली, 18 सितंबर । एप्पल के नए आईफोन 18 प्रो सीरीज की बिक्री शुक्रवार सुबह 8 बजे से भारत में शुरू हो रही है। भारत में इसके बेस मॉडल की कीमत 1,64,900 रुपए से शुरू है।

दिल्ली में एप्पल के आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की पहली सेल को लेकर पहले ही साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में एप्पल स्टोर के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग सुबह-सुबह ही फोन खरीदने के लिए पहुंच गए।

एक ग्राहक ने आईएएनएस से कहा, "मैं 15 से 20 दिनों से इंतजार कर रहा हूं। पहले दिन खरीदने का उत्साह ही कुछ अलग होता है।"

दिल्ली में ही एक और ग्राहक ने बताया, "मुझे 5 से 7 फोन खरीदने हैं। मैं यहां अपना प्री-ऑर्डर किया हुआ आईफोन 18 प्रो मैक्स खरीदने आया हूं।"

वहीं, कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी आईफोन के नए मॉडल को लेकर जबरदस्त क्रेज दिखा। यहां फीनिक्स मॉल ऑफ एशिया स्थित एप्पल स्टोर के बाहर सुबह 8 बजे बिक्री शुरू होने से पहले ही ग्राहक कतार में खड़े नजर आए।

एक ग्राहक ने कहा, "हम सुबह 6 बजे जल्द ही आ गए थे और आईफोन 18 प्रो मैक्स के लिए काफी उत्साहित हैं। हम लाइन में सबसे पहले हैं और बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"

एक अन्य ग्राहक ने बताया, "मैंने पहले ही ऑनलाइन बुक कर लिया है। हमारा स्लॉट सुबह 9 बजे का है और हमने दो फोन बुक किए हैं।"

दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक एप्पल के नए फोन को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। कई लोगों ने पहले से ही ऑनलाइन प्री-बुकिंग करा रखी है और अब वे अपना फोन लेने के लिए स्टोर के बाहर इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे से देशभर के एप्पल स्टोर्स पर आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की बिक्री आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter