मजबूत वैश्विक संकेतों से भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला,

मुंबई, 22 सितंबर । भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हल्की तेजी के साथ खुला। सुबह 9:19 पर सेंसेक्स 58 अंक या 0.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,926 और निफ्टी 35 अंक या 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,449 पर था।

शुरुआती बाजार में रियल्टी और डिफेंस स्टॉक्स में खरीदारी देखी जा रही थी। सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी और निफ्टी इंडिया डिफेंस करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर्स थे। निफ्टी एनर्जी, निफ्टी पीएसई, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी मेटल, निफ्टी कमोडिटीज और निफ्टी प्राइवेट बैंक हरे निशान में थे। केवल निफ्टी आईटी ही लाल निशान में था।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी जा रही है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 224 अंक या 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,237 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 75 अंक या 0.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,939 पर था।

सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स,मारुति सुजुकी, एमएंडएम, इटरनल, टाटा स्टील, ट्रेंट, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एसबीआई और आईसीआईसीआई हरे निशान में हैं। एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, भारती एयरटेल और टाइटन लाल निशान में थे।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों और यूएस के 10-साल के बॉन्ड यील्ड में थोड़ी कमी आने से अमेरिकी इक्विटी मार्केट में जोखिम कम हुआ है। इस सकारात्मक बदलाव का असर दूसरे इक्विटी मार्केट पर भी दिखेगा। भारत में, एनएसई आईपीओ के पूरा होने और रिफंड मिलने शुरू होने के साथ सेकेंडरी मार्केट पर फिर से फोकस में आ गया है, जिससे मार्केट में लिक्विडिटी बढ़ेगी।

ज्यादातर वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और ताइपे हरे निशान में थे। केवल जकार्ता लाल निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुए, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ और नैस्डैक 2.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter