मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच सपाट खुला शेयर बाजार, मेटल स्टॉक्स में खरीदारी
मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार की शुरुआत बुधवार को सपाट हुई। इस दौरान सेंसेक्स 69.84 अंक या 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,940 और निफ्टी 23.10 अंक या 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,890 पर थी।

मुंबई, 27 मई । मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार की शुरुआत बुधवार को सपाट हुई। इस दौरान सेंसेक्स 69.84 अंक या 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,940 और निफ्टी 23.10 अंक या 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,890 पर थी।
सूचकांकों में भी मिलाजुला कारोबार हो रहा है। निफ्टी मेटल, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मीडिया, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर हरे निशान में थे। निफ्टी आईटी, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी पीएसई लाल निशान में थे।
लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप हरे निशान में थे। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 314 अंक या 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,613 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 115 अंक या 0.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,386 पर था।
सेंसेक्स पैक में एनटीपीसी, इटरनल, एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, ट्रेंट, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, एसबीआई, टेक महिंद्रा, टीसीएस और एक्सिस बैंक गेनर्स थे। एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, बीईएल, आईसीआईसीआई बैंक, एचयूएल, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और इंडिगो लूजर्स थे।
वैश्विक बाजारों में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। टोक्यो, बैंकॉक और सोल हरे निशान में थे। वहीं, शंघाई और हांगकांग लाल निशान में थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को मिलेजुले बंद हुए थे। डाओ 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 1.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली का दौर जारी है। मंगलवार को भी विदेशी निवेशक शुद्ध विक्रेता थे और इस दौरान उन्होंने 2,407.87 करोड़ रुपए की बिकवाली की और घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,361.43 करोड़ रुपए की इक्विटी बाजार में निवेश किए।
इसके अतिरिक्त, कच्चे तेल में कमजोरी देखी जा रही है। ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 98 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92 डॉलर प्रति बैरल पर था।
Source: IANS
