इजरायल-ईरान युद्ध बढ़ने से सोने-चांदी की कीमतों में तेज उछाल की आशंका: मार्केट एक्सपर्ट्स

नई दिल्ली, 28 फरवरी। बाजार विशेषज्ञों ने शनिवार को कहा कि इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर सकते हैं, जिससे सोमवार को सोने और चांदी की कीमतें तेज बढ़त के साथ खुल सकती हैं। 

विशेषज्ञों का मानना है कि इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए 'प्रीवेंटीव अटैक' यानी एहतियाती सैन्य हमले के बाद बढ़ी अनिश्चितता निवेशकों को सोना और चांदी खरीदने के लिए प्रेरित कर सकती है, जिससे इनकी कीमतों में और तेजी आ सकती है।

शनिवार को इजरायल द्वारा ईरान पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद तेहरान में जोरदार विस्फोट हुए, जिससे क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है।

इस घटनाक्रम को देखते हुए विश्लेषकों का कहना है कि युद्ध की आशंका से वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ेगी।

एक विशेषज्ञ ने कहा, "अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव से अनिश्चितता बढ़ेगी और निवेशक सोना व चांदी को सुरक्षित निवेश के रूप में देखेंगे। हमें कीमती धातुओं में तेज बढ़त के साथ बाजार खुलने की उम्मीद है।"

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार में सोना फिलहाल 5,300 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर रुकावट का सामना कर रहा है।

बाजार विशेषज्ञ के मुताबिक, यदि यह स्तर पार होता है तो घरेलू बाजार में सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए 1,68,000 रुपए से 1,70,000 रुपए तक पहुंच सकती है।"

तकनीकी दृष्टि से, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 1,60,000 रुपए के स्तर को पार कर चुका है और पिछले स्थिर दायरे से बाहर निकल आया है।

फिलहाल कीमतें 1,62,000 रुपए के आसपास स्थिर हो रही हैं। विश्लेषकों का मानना है कि जब तक सोना 1,60,000 रुपए से ऊपर बना रहता है, तब तक यह निकट भविष्य में 1,63,500 से 1,65,000 रुपए तक जा सकता है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी ने भी मजबूत तेजी दिखाई है और यह 2,80,000 से 2,85,000 रुपए के दायरे की ओर बढ़ रही है।

एक विशेषज्ञ ने कहा, "यदि तेजी बनी रहती है और कीमतें महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर से ऊपर टिकती हैं, तो चांदी 2,90,000 से 2,95,000 रुपए तक पहुंच सकती है।"

इस बीच, दिन में पहले इजरायल रक्षा बलों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि पूरे इजरायल में सायरन बजाए गए हैं और नागरिकों को अपने मोबाइल फोन पर चेतावनी संदेश भेजकर सुरक्षित स्थानों के पास रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement