पुणे में सनी गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सोना-चांदी बरामद: डीसीपी

पुणे, 5 मार्च। महाराष्ट्र के पुणे में विश्रामबाग पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए सनी गैंग के 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों का सोना और चांदी समेत कई कीमती वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस आरोपियों से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है। 

डीसीपी ऋषिकेश रावल ने बताया कि 18 जनवरी को विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में एक घर में सेंधमारी की खबर मिली थी। इसके बाद एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई। टीम ने आरोपी की पूरी जानकारी जुटाई और जैसे ही पता चला कि वे पुणे की तरफ आ रहे हैं, हमने एक ट्रैप सेट करके उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से 32 तोला सोना और 125 ग्राम चांदी बरामद की गई। उन्हें गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी की गई चीजें दिल्ली के एक ज्वेलर के पास रखी थीं। बाकी चोरी का सामान किस ज्वेलर को दिया गया और अन्य डिटेल्स की भी पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी आकाश सुभाष (23) और जितेंद्र चतुर्वेदी (32) दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं। दोनों सनी गैंग से जुड़े हैं, जो घर में चोरी, डकैती और अन्य अपराधों में सक्रिय हैं।

डीसीपी ने बताया कि इस गैंग पर उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कई केस दर्ज हैं, जिनमें मर्डर, हत्या की कोशिश और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। खासकर गाजियाबाद और दिल्ली में इन पर कई मुकदमे चल रहे हैं। पुणे में हुई चोरी के अलावा, इस गैंग ने कई राज्यों में चोरी और अन्य अपराध किए हैं आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद करने के लिए दिल्ली और यूपी के लोकल अधिकारियों ने भी काफी मदद की।

डीसीपी ने बताया कि बरामद किए गए सामान में सोना और चांदी के अलावा और भी कई चीजें थीं। गैंग के बाकी सदस्य अभी दिल्ली, यूपी और एमपी में सक्रिय हो सकते हैं। पुलिस उनकी पहचान कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।

डीसीपी रावल ने कहा कि पुलिस को जनता का भी सहयोग मिला और इसी वजह से इस गैंग के अपराधियों को पकड़ना आसान हुआ।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement