हरदोई में एनसीसी के गोदाम में लगी भीषण आग, छह दमकल वाहनों ने घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
उत्तर प्रदेश के हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के बिलग्राम रोड पर जल निगम ग्रामीण के अधीन संचालित एनसीसी लिमिटेड के स्टोर में तड़के करीब 3.30 बजे भीषण आग लग गई।
हरदोई, 5 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के बिलग्राम रोड पर जल निगम ग्रामीण के अधीन संचालित एनसीसी लिमिटेड के स्टोर में तड़के करीब 3.30 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग को तत्काल अवगत कराया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों की करीब चार घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो एक बड़ी राहत की बात रही, हालांकि गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान के आकलन को लेकर जांच की जा रही है।
हरदोई के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) महेश सिंह ने बताया कि तड़के बिलग्राम रोड स्थित एनसीसी के गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही सदर से तत्काल एक फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि जब दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग बहुत तेजी से फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त गाड़ियों को बुलाया गया। सदर से दो और फायर टेंडर, संडीला से दो फायर टेंडर और बिलग्राम से एक फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचा। इस प्रकार कुल छह फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का काम किया गया।
सीएफओ महेश सिंह ने बताया कि गोदाम के पास में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का स्क्रैप पड़ा हुआ था। ऐसे में आग के और अधिक फैलने का खतरा बना हुआ था। दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए चारों तरफ से पानी डालकर गोदाम को ठंडा किया, ताकि आग आसपास के क्षेत्र में न फैल सके। कड़ी मशक्कत के बाद आग को लगभग पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
Source: IANS